मेरठ में रिटायर इंस्पेक्टर के बेटे का कत्ल, बचाने के प्रयास में होमगार्ड घायल

punjabkesari.in Wednesday, Jul 06, 2016 - 04:01 PM (IST)

मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के थाना गंगानगर क्षेत्र में रिटायर इस्पेक्टर के बेटे की गोलियों से भून कर हत्या कर दी गई है। इस घटना में एक होमगार्ड का जवान भी घायल हुआ है। गंगानगर थाना प्रभारी अनंगपाल सिंह ने आज बताया कि आर्थिक अपराध शाखा से दो साल पहले रिटायर हुए कुंवरपाल सिंह का बेटा 28 वर्षीय बेटा अंकुर बैसला कल रात को अपनी कार से बाजार से सामान खरीदने गया था। लौटते समय पीएनबी के पास तीन कार सवार युवकों ने कार रुकवा कर अंकुर को गोली से भून दिया।
 
सिंह ने बताया कि हमलावरों ने अंकुर को बचाने आये होमगार्ड संजय कुमार शर्मा को भी गोली मार कर घायल कर दिया। अंकुर चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय कैंपस में मास्टर ऑफ ह्यूमन रिसोर्स डेवलपमेंट का छात्र था। परिजन की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा कर हमलावरों की तलाश शुरु कर दी है। घटना के कारण का अभी पता नही चल सका है।