पंचायत चुनाव की रंजिश में संघर्ष, एक की मौत, छह घायल

punjabkesari.in Monday, Dec 07, 2015 - 11:57 AM (IST)

फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद के टूंडला क्षेत्र में कल देर रात पंचायत चुनाव की रंजिश में दो प्रत्याशियों के बीच हुई फायरिंग में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई तथा प्रधान पद के एक प्रत्याशी समेत छह लोग घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि गांव मंदावली में शनिवार को पंचायत चुनाव हुआ था। चुनाव के दौरान प्रधान पद के प्रत्याशी साहब सिंह और शेर सिंह नामक व्यक्ति के बीच कहासुनी और मारपीट हो गई थी।
 
इस मामले को लेकर शेर सिंह के पक्ष ने साहब सिंह के घर पर कल रात लगभग दस बजे हमला कर दिया।इस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट और फायरिंग हुई। इसमें गोली लगने से दीपक (32) की मृत्यु हो गई तथा प्रधान पद के प्रत्याशी साहब सिंह कुशवाहा, राजकुमार, चंद्रवीर और विजय समेत दोनों पक्षों के छह लोग घायल हो गये। घायलों का जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फरार हमलावरों की तलाश की जा रही है।