सियासी ड्रामे के बाद मास्टर स्ट्रोक खेलने की तैयारी में मुलायम, दिये संकेत

punjabkesari.in Wednesday, Oct 26, 2016 - 05:51 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सत्तारुढ़ समाजवादी पार्टी (सपा) में मचे घमासान की वजह से उत्तर प्रदेश में बदलते राजनीतिक घटनाक्रमों के बीच आज मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राज्यपाल राम नाईक से मुलाकात की। उधर, मुलायम सिंह यादव नया मास्टर स्ट्रोक खेलने की तैयारी में जुट गए हैं। मुलायम ने राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) और कांग्रेस से हाथ मिलाने के संकेत दिये। सपा में चल रही उथल पुथल के बीच अचानक मुख्यमंत्री दोपहर बाद राजभवन पहुंच गये। वहां उन्होंने नाईक से करीब 40 मिनट बात की। 

राजभवन सूत्रों ने इसे शिष्टाचार भेंट बताया और कहा कि राज्यपाल दीपावली मनाने मुंबई जाने वाले हैं इसलिए अखिलेश यादव उन्हें दीपावली की अग्रिम बधाई देने आये थे। दूसरी ओर, उच्चपदस्थ सूत्रों ने बताया कि नाईक ने अखिलेश यादव को बुलाया था। दोनों के बीच उत्तर प्रदेश की राजनीतिक गतिविधियों और अन्य हालात पर चर्चा हुई। इधर राज्यपाल और मुख्यमंत्री की मुलाकात हो रही थी। उधर, मुलायम सिंह यादव ने अखिलेश मंत्रिमंडल से बर्खास्त सपा के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव, नारद राय और ओम प्रकाश सिंह को बुलाकर बैठक की। बैठक का मकसद पांच नवंबर को आयोजित पार्टी का रजत जयन्ती समारोह बताया गया है लेकिन कुछ लोग इसके राजनीतिक मायने भी निकाल रहे हैं।

सपा में चल रही रस्साकसी के बीच मुलायम सिंह यादव ने 2017 के चुनाव में खासतौर पर अल्पसंख्यक मतों में विभाजन को रोकने और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को परास्त करने के लिए कांग्रेस और रालोद से बातचीत के लिए शिवपाल सिंह यादव को अधिकृत कर दिया। पार्टी सूत्रों के अनुसार उत्तर प्रदेश में सपा, कांग्रेस और रालोद से मिलकर महागठबन्धन बनाना चाहती है और उसी गठबन्धन के तहत चुनाव लडऩा चाहती है।

सपा के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि उनकी पार्टी ने हमेशा सांप्रदायिक शक्तियों के खिलाफ पूरी ताकत से लड़ाई लड़ी है और आगामी चुनाव में भी उन्हें शिकस्त देंगे। इससे पहले, गत 24 अक्टूबर को राज्य विधान परिषद सदस्य आशु मलिक से बदमिजाजी करने वाले सूबे के वन राज्यमंत्री तेज नारायण उर्फ पवन पाण्डेय को पार्टी से छह वर्षों के लिए बर्खास्त कर दिया गया। मंत्रिमंडल से हटाये जाने के लिए शिवपाल सिंह यादव ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को पत्र भी लिख दिया। इन घटनाक्रमों के बीच मुख्यमंत्री की तीन नवंबर से शुरु हो रही विकास रथ यात्रा की तैयारियां भी चरम पर है। मुख्यमंत्री ने आज इसके लिए अपने आवास पर पार्टी जनों की बैठक की। पार्टी उपाध्यक्ष किरनमय नन्दा ने बताया कि अखिलेश यादव ही भविष्य में पार्टी के चेहरा होंगे। यात्रा में बेनी प्रसाद वर्मा, रेवती रमण सिंह और नरेश अग्रवाल सरीखे वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

Up Latest News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें


वीडियो देखने के लिए क्लिक करें