अखिलेश बाबू, 2017 में बनेगी भाजपा की ही सरकार: अमित शाह

punjabkesari.in Tuesday, May 31, 2016 - 06:43 PM (IST)

इलाहाबाद: भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने मोदी सरकार द्वारा भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने का दावा करते हुए आज कहा कि 2017 में उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार बनायेगी। शाह आज यहां किसान महासम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दो वर्षों में मोदी सरकार ने देश का मान सम्मान तो बढ़ाया ही है साथ ही भ्रष्टाचार पर भी अंकुश लगाया है। जो भ्रष्टाचारी दो साल पहले बेखौफ गड़बड़ी करते थे उनमें अब भय पैदा हुआ और वे सही रास्ते पर आ गये हैं।
 
उन्होंने चुटीले अंदाज में कहा, ‘अखिलेश बाबू, 2017 में उत्तर प्रदेश की बागडोर भाजपा के हाथ होगी क्योंकि केन्द्र सरकार के कामों से खुश यहां की जनता ने अब बदलाव का मन बना लिया है। यूपी की सपा सरकार को जनता अब बर्दाश्त करने के मूड में नहीं हैं। भाजपा का शासन आते ही राज्य की स्थिति बदलेगी। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेसनीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार में घोटाले ही घोटाले थे। लेकिन अब स्थितियां बदली हैं। इसका एहसास जनता बखूबी कर रही है।
 
उन्होंने कहा कि भाजपा शासित राज्यों की स्थिति बहुत अच्छी है। बुनियादी ढांचों में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है।  आगामी 12 और 13 जून को यहां आयोजित पार्टी की राष्ट्रीय कार्य समिति की बैठक और प्रधानमंत्री की 13 जून को आयोजित रैली की तैयारियों का जायजा भी उन्होंने लिया। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के बल पर 265 प्लस लायेगी और पूर्ण बहुमत की सरकार बनायेगी।