अमेठीवालों को नहीं भा रहे PK, प्रियंका की तलाश में निगाहें

punjabkesari.in Saturday, Jul 02, 2016 - 05:24 PM (IST)

अमेठी: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की बुनियाद मजबूत करने की कवायद में जुटे पार्टी के नए रणनीतिकार प्रशांत किशोर (पीके) की टीम ने आज गांधी परिवार के सबसे मजबूत गढ़ अमेठी का दौरा कर स्थानीय जनता की नब्ज टटोलने की कोशिश की हालांकि गांधी परिवार से सीधे गुफ्तगू करने के आदी अमेठी के बाशिंदो की निगाहें इस दौरान प्रियंका गांधी बढेरा को खोजती रहीं। 
 
पीके की टीम के सदस्यों के लिए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी का दौरा अनूठे अनुभव का अहसास कराने वाला हो सकता है। स्थानीय नेताओं का कहना है कि एक अरसे से चुनाव के समय यहां प्रचार की कमान आमतौर पर प्रियंका संभालती हैं। बीते चार महीनों में प्रियंका का यहां आने का कार्यक्रम कई बार बनकर अपरिहार्य कारणों से निरस्त हुआ है।
 
पीके की टीम ने आज यहां गौरीगंज में जिला कांग्रेस कमेटी और ब्लाक अध्यक्षों के साथ लंबी बैठक की मगर सूत्र बताते हैं कि इस बैठक का नतीजा सिफर ही रहा। दरअसल, अमेठी के कांग्रेस नेताओं के मन में इस बात को लेकर गुरूर रहता है कि वह सोनिया, राहुल व प्रियंका से सीधे जुड़े हैं।