भाजपा ने अखिलेश यादव से मांगा जवाब, कहा-स्वास्थ्य प्रणाली पूरी तरह से ध्वस्त क्यों?

punjabkesari.in Wednesday, Oct 26, 2016 - 07:39 PM (IST)

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को घेरते हुए उनसे सवाल पूछा कि उनके कार्यकाल में सूबे की जनता बीमारियों से त्रस्त और स्वास्थ्य प्रणाली पूरी तरह से ध्वस्त क्यों है। पार्टी ने राज्य में पिछले डेढ़ दशक में स्वास्थ्य सेवाओं की दुर्दशा के लिये समाजवादी पार्टी के प्रमुख मुलायम सिंह यादव और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती से भी जवाब मांगा।  

भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं मीडिया प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राज्य में समाजवादी पार्टी की अखिलेश यादव सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है और इसी विफलता को छिपाने के लिए राज्य में मुलायम सिंह यादव परिवार का हाई वोल्टेज ड्रामा खेला जा रहा है जिसका आखिरी एपीसोड मतदान होने के दिन खेला जायेगा। शर्मा ने उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के ध्वस्त होने के बारे में इलाहाबाद उच्च न्यायालय की एक टिप्पणी का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य की जनता डेंगू, चिकनगुनिया, मलेरिया से ग्रसित है। जबकि राज्य में डॉक्टरों की भारी कमी है। उन्होंने आंकड़ों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में औसतन एक अस्पताल पर 61 हजार की आबादी का भार है लेकिन उत्तर प्रदेश में हर अस्पताल पर ढाई लाख से अधिक आबादी का बोझ है। अस्पतालों में आवश्यक उपकरणों, दवाओं और डॉक्टरों का अभाव है।   

उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को जवाब देना चाहिये कि गांवों प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों, अस्पतालों में चिकित्सा सुविधाएं क्यों नहीं उपलब्ध हैं। पूरे राज्य की सेहत खराब है लेकिन उनके परिवार की दौलत दिन दूनी रात चौगुनी कैसे बढ़ी। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय ने कहा है कि स्वास्थ्य एवं सफाई की व्यवस्था में विफलता के राज्य सरकार जिम्मेदार है। अदालत ने यह भी पूछा है कि क्यों ना सूबे में राष्ट्रपति शासन लगा दिया जाये।   

शर्मा ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री में थोड़ी भी लज्जा है तो वह इस्तीफा दे दें। उन्होंने कहा कि मायावती और मुलायम सिंह यादव को भी इस बारे में जवाब देना चाहिये कि पिछले डेढ़ दशक में उन्होंने भी शासन किया है। उन्होंने कहा कि जनता अखिलेश सरकार को अपने जेहन से बर्खास्त कर चुकी है। अब केवल मतदान की औपचारिकता बची है। जनता अब परिवारवाद से मुक्ति चाहती है। अगली सरकार भाजपा की बनेगी और वही शिक्षा स्वास्थ्य एवं कानून व्यवस्था को सुधार सकती है।  

Up Political News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें


वीडियो देखने के लिए क्लिक करें