अखिलेश लाचार मुख्यमंत्री, अपने मन से नहीं कर पा रहे कोई काम: अनुप्रिया पटेल

punjabkesari.in Thursday, Sep 29, 2016 - 01:16 PM (IST)

फैजाबाद: पाकिस्तान के इस्लामाबाद में होने वाले सार्क सम्मेलन के रद्द होने पर केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कूटनीतिक जीत करार दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने विदेश दौरों में दुनिया के सभी देशों के समक्ष अपनी नीतियों को बखूबी रखा। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री ने ये बातें फैजाबाद में कही। 

अनुप्रिया पटेल आज सर्किट हाउस में मीडिया से मुखातिब थीं। उन्होंने माना कि पाकिस्तान की गलत नीतियों के कारण ही सार्क सम्मेलन रद हो गया है। अनुप्रिया ने कहा कि सार्क सम्मेलन रद होना का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है। पीएम मोदी ने विदेश दौरों में विश्व के सभी देशों के सामने अपनी नीतियों को बखूबी रखा। उनकी इसी कुशल कूटनीति के कारण विश्व के अधिकांश देश उनकी मुरीद हैं।पाकिस्तान के मामले में पीएम मोदी ने जिस बखूबी के अपनी बात को रखा, उसी के कारण सार्क के देशों ने पाकिस्तान से किनारा कर लिया।

अखिलेश यादव लाचार मुख्यमंत्री 
इस दौरान अनुप्रिया ने सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव लाचार हैं। वह अपने मन से कोई भी काम नहीं कर पा रहे हैं। अनुप्रिया ने कहा कि प्रदेश में भाजपा तथा अपना दल मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। इसके काफी अच्छे परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि इस बार प्रदेश में भाजपा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।