बीजेपी ने एक बार फिर सपा-बसपा-कांग्रेस को दिया जोर का झटका

punjabkesari.in Friday, Aug 26, 2016 - 08:05 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी (सपा) से विधायक श्याम प्रकाश और कांग्रेसी विधायक प्रदीप चौधरी, समेत कई अन्य दलों के सैकड़ों समर्थकों ने आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता हासिल की। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने यहां पार्टी मुख्यालय पर आयोजित एक कार्यक्रम में सहारनपुर में गंगोह क्षेत्र के कांग्रेसी विधायक प्रदीप चौधरी और हरदोई के गोपामऊ सीट से सपा विधायक श्याम प्रकाश को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलायी।

भाजपा में आज शामिल हुए नेताओं में कांग्रेस के पूर्व मंत्री शिवगणेश लोधी के अलावा बहुजन समाज पार्टी(बसपा) के समन्वयक हरगोविंद सिंह कुशवाहा और पूर्व विधान परिषद सदस्य विशाल वर्मा प्रमुख हैं। चौधरी अपने 164 समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हुए जबकि इसके अलावा कई अन्य दलों के कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता हासिल की। 

समाजवादी पार्टी से दो बार विधानसभा का चुनाव लड़ चुके पूर्व ब्लॉक प्रमुख महेश सिंह ‘कलहंस’ ने भी समाजवादी पार्टी को अलविदा कहकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। समाजवादी पार्टी की नीतियों के प्रति अनास्था प्रकट करते हुए महेश सिंह ने अपने जारी प्रेस विज्ञप्ति में टिकट वितरण के संदर्भ में समाजवादी नेतृत्व के प्रति नाराजगी व्यक्त की और भाजपा की विकासवादी नीति में आस्था व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व एवं अमित शाह के व्यक्तित्व के साथ केंद्र की भाजपा नीति एनडीए सरकार की भूरि-भूरि प्रसंशा भी की। समाजवादी से भाजपाई हुए महेश सिंह ने समाजवादी पार्टी के पारिवारिक कलह को पार्टी को गर्त में ले जाने वाला एक महत्वपूर्ण कारण बताया।

महेश सिंह के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वाले लोगों में वर्तमान ब्लॉक प्रमुख अरविंद सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य विनोद सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख मनीराम मौर्य, गन्ना परिषद के अध्यक्ष प्रमोद सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख रामतौल, बभनान गन्ना समिति की चैयरमैन प्रीति सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख और गौर गन्ना समिति की चेयरमैन उर्मिला सिंह, जिला पंचायत सदस्य बजरंगी, पूर्व चेयरमैन गन्ना समिति गणेश सिंह, प्रधान अशरफ़ी यादव, प्रधान डॉ. लक्ष्मी गुप्ता, प्रधान शब्बू, पूर्व प्रधान शिवप्रसाद जायसवाल, पूर्व प्रधान कमला यादव, दीनदयाल मिश्र, बीडीसी कुंवर शुक्ल, आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

इस मौके पर स्थानीय सांसद हरीश द्विवेदी, मछली शहर के सांसद रामचरित्र निषाद और कैसरगंज के सांसद बृजभूषण शरण सिंह के साथ जिला अध्यक्ष पवन कसौधन, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर ध्रुवनारायण सिंह समेत जिले के तमाम वरिष्ठ भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।