अखिलेश सरकार पर राहुल का तीखा कटाक्ष-भ्रष्टाचार का आरोपी चंद दिनों में कैसे हो गया ईमानदार

punjabkesari.in Saturday, Oct 01, 2016 - 08:03 PM (IST)

फिरोजाबाद: कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने अखिलेश यादव सरकार पर कटाक्ष करते हुए आज कहा कि भ्रष्टाचार के आरोप में मंत्रिमंडल से बाहर किये गये लोग चंद घंटों में कैसे ईमानदार हो जाते हैं और उन्हें फिर से मंत्रिमंडल में शामिल कर लिया जाता है। बता दें कि गायत्री प्रजापति को पहले अखिलेश यादव ने भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर अपने मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया। फिर मुलायम सिंह की सिफारिश के बाद कुछ ही दिन में उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल कर लिया। आज गायत्री प्रजापति को खनन मंत्रालय की जगह परिवहन मंत्री बनाया गया है। गांधी आज यहां टूण्डला में आयोजित खाट सभा को संबोधित कर रहे थे। 

कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश ही ऐसा पहला राज्य है जहां मुख्यमंत्री अपने मंत्रियों को भ्रष्टाचार में लिप्त मानते हुए निकालते हैं और कुछ ही दिन में मंत्री की छवि साफ सुथरी मानते हुए उन्हें फिर से मंत्रिमंडल में शामिल कर लेते हैं। उन्होंने कहा कि पांच साल पहले बहुजन समाज पार्टी(बसपा) का शासन था। लोग त्रस्त थे। लोगों ने सोचा कि अखिलेश नौजवान हैं। उनके नेतृत्व में सरकार बनेगी तो गुण्डागदी और भ्रष्टाचार से मुक्ति मिलेगी लेकिन पांच साल होने को आये हैं न तो गुण्डागर्दी कम हुई और न ही भ्रष्टाचार कम हुआ। 

कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि झूठे वायदे सुनने हैं तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात सुनिए। केन्द्र सरकार की नीतियां जनविरोधी हैं। मोदी सरकार ने आम लोगों के लिए कुछ काम ही नहीं किया। उनका कहना था कि वह ऐसा उत्तर प्रदेश चाहते हैं जिससे देश विदेश के पर्यटक आयें और गरीबों का इलाज उनके क्षेत्र में ही हो जाए।