''UP में BJP पूर्ण बहुमत से बनाएगी सरकार''

punjabkesari.in Friday, Jul 15, 2016 - 08:32 AM (IST)

गोरखपुर: भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया वर्ष 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी पूर्ण बहुमत से प्रदेश में सरकार बनायेगी। मौर्य ने संवाददाओ से कहा कि वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को 337 विधान सभा सीटों पर बहुमत मिला था। इन सीटों पर पार्टी पिछले विधान सभा चुनाव में पार्टी दूसरे नम्बर पर थी।

उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा अपने बल पर प्रदेश पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। प्रदेश की जनता को गुण्डाराज से मुक्ति मिलेगी। मौर्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी सरकार के दौरान प्रदेश में बदमाशों ने 150 से अधिक पुलिस अधिकारियों की हत्या हुई तथा 155 से अधिक पुलिस कर्मी घायल हो गए।

मौर्य ने कहा कि स्वयं सपा के मुखिया मुलायम सिंह यादव ने भी अखिलेश यादव सरकार को जमीनों पर कब्जा और गुंडागर्दी को रोकने लिए लताडा था। सपा सरकार में गुण्डों का राज है। सपा कार्यकर्त्ता ही इसमें शामिल है। मौर्या ने सपा के शासन में मथुरा, कैराना, मुजफ्फरनगर प्रकरणों की जांच सीबीआई से कराने की मांग की। उन्होने कहा कि अगर सरकार इस मामले में दोषी नही है तो वह सीबीआई से जांच कराने में क्यो डर रही है।

उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा के बारे में पूछे जाने पर मौर्या ने कहा कि यह पार्टी तय करेगी। निश्चित ही पार्टी कार्यकर्त्ता ही मुख्यमंत्री होगा। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार हर मुददे पर विफल है। चीनी मिले बंद हैं और गन्ना किसानों का बकाया भुगतान नही हो रहा है। प्रदेश में किसान बेहाल है।

मौर्य ने बसपा, कांग्रेस और सपा की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि तीनों पार्टियां के चरित्र में कोई भिन्नता नहीं है। भाजपा की प्रदेश में सरकार बनने पर भू-ंमाफियाओं, भ्रष्टाचारियों और गुन्डों को जेल जाना होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पिछले 3 दशकों से बन्द पडे खाद कारखाना का उद्घाटन और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान(एम्स) का शिलान्यास आगामी 22 जुलाई को करेंगे।