चुनावी वर्ष में अखिलेश ने रक्षाबंधन से पहले दिया बहनों को तोहफा

punjabkesari.in Tuesday, Aug 16, 2016 - 02:58 PM (IST)

गोरखपुर(अजीत सिंह): आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर अखिलेश सरकार हर वो काम कर रही है जिससे उसको चुनाव में फायदा हो। रक्षाबंधन पर्व के एक दिन पूर्व प्रदेश के दुग्ध विकास मंत्री राममूर्ति वर्मा ने प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही योजना कन्या विद्याधन का चेक मेधावी छात्राओं को बांटकर सम्मानित किया। 
 
दरअसल गोरखपुर के रामगढ़ ताल रोड स्थित वाटरपार्क के ग्रैंड सेलिब्रेशन हाल में मेधावी छात्राओं को कन्या विद्याधन योजना वितरण समारोह का आयोजन किया गया था। इस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए दुग्ध विकास मंत्री राममूर्ति वर्मा ने जनपद के 1200 छात्राओं (2396 इंटर पास छात्राओं को बांटा जाना था) को 30 हजार का चेक बांटा। इस अवसर पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने हमेशा ही नारी सम्मान की बात की है। जिसके लिए प्रदेश में पहली बार अलग से महिला सेल की स्थापना भी की गई है। 
 
रक्षाबन्धन से एक दिन पूर्व उक्त चेक बांटे जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हमारे देश की संस्कृति में कन्याओं को कुछ देने का ये पावन पर्व है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा बहनों को दिया जा रहा ये चेक त्यौहार के मौके पर काम आएगा। जो गरीब बहनें हैं वो इस धन से अपने भाई का मुंह मीठा करा कर रिश्ते को और मजबूत बनाएंगी। हालांकि कन्या विद्या धन का ये चेक काफी लेट से मिलने का कुछ छात्राओं को मलाल भी था। इस कार्यक्रम में सपा के पदाधिकारियों सहित डीएम ओएन सिंह भी थे।
 
रक्षाबंधन से पहले चेक मिलने की खुशी छात्राओं में साफ दिख रही थी। इस दौरान कई छात्राओं ने मुख्यमंत्री अखिलेश के इस फैसले का स्वागत करते हुए तारीफ भी की।