बसपा छोड़कर BJP में शामिल हुए धर्म सिंह सैनी

punjabkesari.in Thursday, Sep 22, 2016 - 01:33 PM (IST)

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले की नकुड़ विधानसभा क्षेत्र से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) विधायक एवं पूर्व शिक्षा मंत्री डा. धर्म सिंह सैनी बसपा छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए।

भाजपा की प्रांतीय समिति के सदस्य डा. वरूणवीर ने यहां बताया कि डा. सैनी के भाजपा में शामिल होने की औपचारिक घोषणा स्वामी प्रसाद मौर्य द्वारा लखनऊ में आयोजित रैली में पार्टी अध्यक्ष अमित शाह की मौजूदगी में की। उनके साथ सैंकडों समर्थक भी भाजपा में शामिल हो गए। डा. सैनी हाल ही में भाजपा में शामिल होने वाले सहारनपुर के तीसरे विधायक हैं। इससे पूर्व बेहट सीट के बसपा विधायक महावीर राणा और गंगोह सीट के कांग्रेस विधायक प्रदीप चौधरी भाजपा में शामिल हो गए थे। इसी के साथ सहारनपुर जिले में भाजपा के पास अब 7 में से 4 विधायक हो गए हैं। इससे जिले के राजनीतिक समीकरण पूरी तरह से बदल गए हैं।

डा. धर्म सिंह सैनी के साथ भाजपा में शामिल होने वालो में देवबंद के सैनी बिरादरी के प्रमुख नेता जनेश्वर प्रसाद सैनी भी प्रमुख है। वह कुछ वर्ष पूर्व देवबंद भाजपा के अध्यक्ष भी रहे थे। उन्होंने दावा किया कि सहारनपुर के सैनी बिरादरी के बडी संख्या में लोगों के भाजपा में शामिल होने से भाजपा मजबूत हो गई है। डा. वरूणवीर ने कहा कि विपक्षी दलों के विधायक बडी संख्या में भाजपा में शामिल हो रहे हैं। इससे पता चलता है कि लोगों का भाजपा की ओर तेजी के साथ रूझान बढ़ रहा है।

उन्होंने दावा किया कि भाजपा विधानसभा चुनाव में सहारनपुर जिले में कम से कम 5 सीटें जरुर जीतेगी। उनका कहना था कि लोकसभा चुनाव में भाजपा ने सहारनपुर और कैराना की दोनों सीटों पर कब्जा किया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बढती लोकप्रियता के चलते विपक्षी दलों में जबरदस्त टूट हो रही है और उनकी पहली पसंद भाजपा है। इस बीच, जनेश्वर सैनी ने बताया कि बसपा से तीन बार विधायक रहे डा. धर्म सिंह सैनी समेत सहारनपुर के तीन विपक्षी विधायक भाजपा में शामिल हो जाने से साफ है कि जिले में भाजपा की स्थिति मजबूत हो रही है।