UP विधायक ने मायावती की ताजपोशी के लिए गरीब नवाज की मजार पर चादर चढ़ाई

punjabkesari.in Saturday, May 14, 2016 - 03:31 PM (IST)

जयपुर: बहुजन समाज पार्टी के विधायक उमा शंकर सिंह ने आज हजारों बसपा कार्यकर्ताआें के साथ अजमेर में सूफी संत ख्वाजा मोइनुद्दीन हसन चिश्ती की मजार पर चादर चढ़ाकर उत्तर प्रदेश में आगामी विधान सभा चुनाव में मायावती की ताजपोशी की मन्नत मांगी।  बलिया से बसपा विधायक सिंह ने चादर चढ़ाने के बाद फोन पर बातचीत करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून एवं व्यवस्था का बुरा हाल है और विकास कुछ हिस्से तक सीमित हो गया है। भाजपा की लहर भी समाप्ती पर है। एेसे में उत्तर प्रदेश के आगामी विधान सभा चुनाव में बसपा को पूर्ण बहुमत मिलेगा और मायावती फिर से सत्ता पर काबिज होगीं। उन्होंने कहा कि पार्टी ने विधान सभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी है, ब्लाक स्तर पर बैठकों के दौर आरंभ हो गए हैं। 

 

सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश की अखिलेश सिंह सरकार कानून एवं व्यवस्था एवं विकास में पूरी तरह से विफल साबित हुई है। उत्तर प्रदेश मेंं अपराधों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है और विकास कार्य मुख्यमंत्री और मुलायम सिंह के क्षेत्र तक सीमित है। उन्होंने कहा कि मायावती के सत्ता पर काबिज होने भर से अपराधों में 80 फीसदी तक गिरावट आ जाएगी और उत्तर प्रदेश में चौतरफा विकास होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में विकास ठहर सा गया है। विधान सभा चुनाव आते-आते मोदी की लहर खत्म हो जाएगी। प्रदेश में भाजपा के पास कोई नेता नहीं है,प्रदेशवासी अखिलेश सरकार से परेशान हैं, एेसे में आगामी विधान सभा चुनाव में बसपा का सत्ता पर काबिज होना तय है। उन्होंने दावा किया कि बसपा आगामी विधान सभा चुनाव में ढ़ाई सौ से अधिक सीटों पर काबिज होगी।