''भाजपा और सपा कराती हैं दंगा''

punjabkesari.in Friday, Mar 11, 2016 - 10:48 AM (IST)

लखीमपुर-खीरी:  बहुजन समाज पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों पार्टियां एक ही सिक्के के दो पहलू हैं और ये मिलकर दंगा कराती हैं। वर्ष 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव में जनता इन्हें सबक सिखाएगी।

बसपा के पूर्व मंत्री और कद्दावर नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने जिले के सिंगाही में कार्यकर्ता सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कहा कि भाजपा और सपा दोनों मिलकर प्रदेश में दंगा कराती हैं। भाजपा और सपा विधानसभा चुनाव जीतने के लिए सारे हथकंडे अपनाएंगी।

उन्होंने कहा कि ये दोनों हिंदू और मुस्लिम वोटों को तोडऩे के लिए चुनाव से पहले दंगा जरूर कराएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त है और सपा सरकार अपराधियों को सरंक्षण दे रही है। सिद्दीकी ने कहा कि इस बार प्रदेश की जनता सपा और भाजपा को सबक सिखाएगी।

समय आ गया है कि नोटों वाला हारेगा और वोटों वाला जीतेगा, बसपा के पास सभी वर्गों का वोट है। उन्होंने कहा कि ये 2 पार्टियां देश को बांटना चाहती है और दंगा कराकर राजनीतिक लाभ उठाती हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसान परेशान है उसको अपनी फसल का उचित मुआवजा तक नहीं मिल पा रहा है।