सपा में पेट के अंदर वाला भी सांसद का टिकट लेकर आता है: साध्वी निरंजन

punjabkesari.in Friday, Sep 30, 2016 - 12:33 PM (IST)

गाजीपुर(अनिल कुमार): भारतीय जनता पार्टी के केन्द्रीय मंत्रियों में शामिल साध्वी निरंजन ज्योति आए दिन विवादित बयान देती रहती हैं। निरंजन ज्योति गाजीपुर में आयोजित एक परिवर्तन सभा में शामिल होने के लिए आई थी। यहां पर उन्होंने सपा सरकार पर जमकर हमला बोला। साध्वी निरंजन ज्योति ने सपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सपा परिवार की पार्टी है। उन्होंने कहा कि परिवार के 22 लोग पद पर हैं और उनके परिवार में जो पेट के अंदर है वो भी सांसद और विधायक का टिकट लेकर आएगा।

कांग्रेस पर साधा निशाना
साध्वी निरंजन ज्योति ने कांग्रेस पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि देश का कांग्रेस मुक्त कराना है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी आज चाय की चर्चा की नकल कर खाट चर्चा कर रहे हैं, लेकिन नकल करने के लिए भी अकल की जरूरत होती है। चाय बेचने वाला और गरीब का दर्द क्या होता है यह बात सिर्फ पीएम नरेंद्र मोदी ही समझ सकते हैं। राजघराने मे रहने वाला और पैदा होने वाला गरीबों का दर्द क्या जानेगा।

मनोज सिन्हा ने सपा सरकार पर साधा निशाना
गाजीपुर के नन्दगंज के सिहोरी गांव में स्थित चीनी मिल परिसर में आयोजित परिवर्तन सभा में मुख्य अतिथि भारत सरकार के रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने सपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। मनोज सिन्हा ने पिछले दिनों सपा में हुए विवाद को नौटंकी बताया। उन्होंने कहा कि लूट के माल को खपाने के लिए यह पूरा नाटक किया गया था। यह कोई राजनीतिक विवाद नहीं था। सिन्हा ने कहा कि लूट के पैसे का हिसाब नहीं हो पा रहा था इसलिए यह विवाद हुआ था।