''सपा में मची घमासान से सरकारी काम ठप, जनता परेशान''

punjabkesari.in Tuesday, Oct 25, 2016 - 07:57 PM (IST)

लखनऊ: विपक्षी दलों ने आरोप लगाया है कि उत्तर प्रदेश में सत्तारुढ समाजवादी पार्टी (सपा) में मचे घमासान की वजह से सूबे में कामकाज ठप है और इसका खामियाजा जनता को भुगतना पड रहा है। विपक्ष का कहना है कि सपा सत्ता में है। जनता के प्रति उसकी जवाबदेही है लेकिन ‘कुनबे’ में मचे घमासान की वजह से कोई काम नहीं हो रहा है। जनता त्रस्त है। अफसर किसी की सुन नहीं रहे। सरकार नाम की कोई चीज नहीं रह गई है।  

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उपाध्यक्ष डा. दिनेश शर्मा ने कहा कि सपा को यह नहीं भूलना चाहिए कि वह सत्ता में है। उसकी जनता के प्रति जवाबदेही है लेकिन सपा अपने पारिवारिक झगडे से ही नहीं उबर पा रही है तो जनता की सेवा क्या करेगी। डा. शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को पारिवारिक झगडे से अलग हटकर भी सोचना चाहिए। जनता उनके झगडे मेें नाहक पिस रही है। केन्द्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री और अपना दल नेता अनुप्रिया पटेल ने कहा कि सपा डूबता जहाज है। पारिवारिक कलह की वजह से सपा और जल्दी डूब जाएगी। पटेल ने कहा कि सपा नेताओं का पूरा ध्यान झगडे तक केन्द्रित हो गया है, वे भूल गए हैं कि सत्ता में होने की वजह से जनता के प्रति उनकी जवाबदेही है। 

कांग्रेस विधायक अखिलेश प्रताप सिंह ने कहा कि सपा का झगडा उनका अन्दरुनी मामला है लेकिन वह सत्ता में भी है। जनता के प्रति सपा नेताओं की जिम्मेदारी और जवाबदेही पहले है। सिंह ने कहा कि सपा जनता के हित करने से भटक गई है। सपा नेता सार्वजनिक रुप से झगड रहे हैं। वे अपनी जिम्मेदारियों से बच रहे हैं। जनता परेशान है जिसका खामियाजा इन्हें चुनाव में भुगतना पडेगा। उन्होंने कहा कि सपा अब पूरी तरह बेनकाब हो गई है। जनता इन्हें सबक सिखाएगी। 

Letest News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें