अब एटा में रामगोपाल के खिलाफ सपा विधायक ने खोला मोर्चा

punjabkesari.in Friday, Sep 23, 2016 - 10:53 AM (IST)

एटा: समाजवादी पार्टी (सपा) में जारी अंतर्कलह के बीच एटा सदर से पार्टी विधायक आशीष यादव ने पार्टी महासचिव और राज्यसभा सांसद प्रोफैसर रामगोपाल यादव के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

यादव ने सपा महासचिव पर मुलायम सिंह यादव को गुमराह करने और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) शासनकाल के दौरान अहम पदों पर आसीन अधिकारियों को प्रभार दिलवाकर अपने गुर्गों को अवैध कार्यों, जमीनों पर कब्जे, अवैध शराब की तस्करी आदि करवाने के संगीन आरोप जड़े। उन्होंने सपा कार्यकर्त्ताओं से प्रो. यादव की बातों से भ्रमित न होने की भी अपील की। सपा विधायक के पिता एवं विधान परिषद के सभापति रमेश यादव मुलायम सिंह यादव के काफी करीबी माने जाते हैं। 

एटा सदर विधायक आशीष यादव ने यहां संवाददाताओं से कहा कि रामगोपाल यादव नेताजी (मुलायम सिंह यादव) को गुमराह कर अपने अधिकारियों को नियुक्त करवा कर समानान्तर सरकार चला रहे हैं।  उन्होंने बसपा शासनकाल में काबिज रहे अधिकारियों को गुमराह कर चार्ज दिलवाए।

सपा के लोग पार्टी में मुलायम सिंह यादव, शिवपाल यादव और अखिलेश यादव के अलावा किसी अन्य का बात नहीं सुनेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी में केवल एक ही धड़ा है वो है मुलायम सिंह, शिवपाल यादव और अखिलेश यादव का। सपा के अनेको नेता की जांच चल रही है उसमे जो भी दोषी पाया जाएगा चाहे मैं ही क्यों न हूं, उसके खिलाफ कार्यवाही होगी।