चिन्ह की बजाय चेहरे पर चुनाव लडऩे की वकालत करेंगे अन्ना

punjabkesari.in Wednesday, Mar 30, 2016 - 06:22 PM (IST)

आगरा: भ्रष्ठाचार के खिलाफ देश भर में अलख जगाने वाले समाजसेवी अन्ना हजारे अब राजनीतिक दलों के चुनाव चिन्ह हटाने की मुहिम की शुरूआत ताजनगरी आगरा से करेंगे। समाज से भ्रष्टाचार मिटाने के लिए आगरा के शहीद स्मारक संजय पैलेस से राजनीतिक पार्टियों से चुनाव चिन्ह की बजाय पार्टी प्रत्याशी के चेहरे पर चुनाव लडऩे की वकालत की जाएगी। इसका आगाज आगामी 3 अप्रैल को ताजनगरी में किया जाएगा। यह आंदोलन पूरे देश में चलाया जाएगा। राष्ट्रीय सेवा मिशन कार्यकारिणी के सदस्य सुनील फौजी ने आज यहां बताया कि लोकपाल बिल के मुद्दे पर केन्द्र सरकार को मजबूर कर देने बाद अन्ना हजारे अब संविधान के अनुरूप चुनाव प्रक्रिया में सुधार करने की मांग को लेकर देशव्यापी आंदोलन शुरू करने जा रहे हैं।

 
फौजी ने बताया कि इसका शुभारंभ ताजनगरी में जन जागृति समारोह के माध्यम से किया जाएगा। देशभर से करीब 10 हजार अन्ना समर्थक आगरा आएंगे। अन्ना समर्थक डॉ. वीरेन्द्र सिंह चौहान के अनुसार  3 अप्रैल को शहीद स्मारक पर सभा होगी। पहले यह सभा सेक्टर 15 आवास विकास कॉलोनी के गुरुद्वारा मैदान में होनी थी। राष्ट्रीय सेवा मिशन का प्रचार रथ शहर और देहात के विभिन्न क्षेत्रों में सभा के लिए प्रचार-प्रसार करने में जुटा है। उन्होंने बताया कि पूर्व सैनिक इस आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। अन्ना 2 अप्रैल को आगरा आ जाएंगे। वह यहां अपने आगामी आंदोलन की रणनीति की भी घोषणा करेंगे। अपने नए साथियों को संकल्प दिलाएंगे कि वे राजनीति में किसी भी तरह से शामिल नहीं हों। एक अन्य अन्ना समर्थक विक्रम शुक्ला ने कहा कि वोटरों को गुमराह किया जा रहा है। पार्टी सिंबल पर नहीं चेहरे के आधार पर चुनाव लड़ा जाना चाहिए। इससे भ्रष्टाचार पर रोक लगेगी।
 
शुक्ला ने कहा कि अधिकांश पार्टियां पार्टी फंड के नाम पर करोड़ों रुपया चंदा लेती हैं। फिर जनता की गाढ़ी कमाई को एक दूसरे के खिलाफ दुष्प्रचार में इस्तेमाल करती हैं। देश में चुनाव प्रक्रिया के नाम पर हो रहे भ्रष्टाचार पर रोक लगाने की जरुरत है। अन्ना हजारे के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए 28 मार्च से जिले के शहरी एवं ग्रामीण इलाकों में जन जागृति रथ के जरिए प्रचार प्रसार किया जा रहा है। अन्ना हजारे के मार्गदर्शन में चल रहे राष्ट्रीय सेवा मिशन के अलावा सामाजिक संगठन वी रॉयल राइडर्स बुलट क्लब और हम संस्था के कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में भागीदारी निभाएंगे। अन्ना समर्थक राजेन्द्र फौजी ने कहा कि ग्राम स्वराज की स्थापना के लिए केन्द्र सरकार पर दबाव बनाया जाएगा। अन्ना हजारे स्मार्ट सिटी की बजाय स्मार्ट विलेज बनाने के लिए प्रयासरत हैं। इसके लिए देशभर में जगह-जगह जनसभाओं का आयोजन किया जाएगा। लोकपाल बिल आंदोलन के 5 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में 16 अगस्त को एक बार फिर से दिल्ली के रामलीला मैदान पर जनसभा की जाएगी और केन्द्र सरकार को अपनी ताकत का अहसास कराया जाएगा। अन्ना हजारे आगरा कार्यक्रम के दौरान ताजमहल का दीदार करेंगे। साथ ही जनसभा को संबोधित करने के बाद देशभर से आए कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। अन्ना हजारे 4 अप्रैल को सुबह 10 बजे आगरा से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।