बदलाव नेता नहीं कार्यकर्ता पैदा करते हैं: राज बब्बर

punjabkesari.in Saturday, Aug 27, 2016 - 12:49 PM (IST)

गोरखपुर (अजीत सिंह): कांग्रेस पार्टी पूरे उत्‍तर प्रदेश में ‘27 साल यूपी बेहाल’ के नारे के साथ बस यात्रा निकाल रही है। कांग्रेस की यह बस यात्रा आज गोरखपुर पहुंची। गोरखपुर में आज इस बस यात्रा की दो टीमें पहुंची जिसमें से एक टीम का नेतृत्‍व कांग्रेस के प्रदेश अध्‍यक्ष राजबब्‍बर कर रहे थे तो दूसरी टीम की मुखिया दिल्‍ली की पूर्व मुख्‍यमंत्री शीला दीक्षित हैं। 

 
राजबब्‍बर ने शुक्रवार को गोरखपुर एयरपोर्ट से लेकर सहजनवां तक बस यात्रा निकाली और यहां से वह बस्‍ती के लिए रवाना हुए। राजबब्‍बर ने इस बस यात्रा के रिस्पांस पर बोलते हुए कहा कि उनके नेता राहुल गांधी का मूल मंत्र है कि अपने पर भरोसा रखो और लोगों से सम्‍पर्क करो। इस मूल मंत्र के साथ वह प्रदेश में निकले हैं। लोगों के साथ रहकर और उनको अपने साथ जोड़कर हम उनकी ताकत का एहसास उनको करा रहे हैं। 
 
बदलाव नेता नहीं कार्यकर्ता पैदा करते हैं और कार्यकर्ता उर्जा पैदा करते हैं। हम इसी उर्जावान कार्यकर्ता तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। राहुल गांधी और सोनिया गांधी के कार्यक्रमों में जिस तरह से हमें कार्यकर्ताओं का भरोसा मिला है उसी भरोसे के तहत हम निकले हैं और अपने इस कार्यक्रम में हमें वह भरोसा दिखाई दे रहा है। 
 
यूपी में चुनाव से पहले नोट और जाति धर्म के आधार पर पोलिंग होने के सवाल पर राजबब्‍बर ने कहा कि हम इस लड़ाई में कभी न आये हैं और न ही हमारी पार्टी कभी आगे आयेगी। इसके कारण हमें अपने नुकसान की परवाह नहीं है। हमने अपने उसूलों को कभी नहीं छोड़ा है। हमें विश्‍वास है कि यूपी की जनता इसमें बदलाव लायेगी, उसी ने पहले भी बदलाव लाया है। साल 2007, 2012 और 2014 में उसने बड़ा बदलाव लाया है और इस बार भी वह बदलेगी। राजबब्‍बर ने कहा कि आप स्‍वयं देख रहे हैं कि जगह जगह कांग्रेस के कार्यकर्ता उनके साथ आ रहे हैं और इनका उत्‍साह मामूली नही है। इस उत्‍साह के अंदर हमें एक मजबूत इरादे नजर आ रहे हैं।
 
प्रियंका गांधी के यूपी में चुनाव प्रचार के सवाल पर राजबब्‍बर ने कहा कि हमने भी उनसे यही मांग की है और उन्‍होंने भी आश्‍वासन दिया है कि वह यूपी में चुनाव प्रचार करेंगी। वह आगे इसके लिए कैसे समय निकालती है यह उनके परिवार के बीच का मसला है और परिवार को तय करना है। उन्‍होंने पहले भी कांग्रेस की पूरी मदद की है और जब भी कांग्रेस को इस परिवार की जरूरत पड़ी है तो इस परिवार ने पूरा साथ दिया है।