प्रियंका गांधी की पार्टी में अहम भूमिका, बाहुबली नेता की बेटी की कराई कांग्रेस में एंट्री

punjabkesari.in Sunday, Aug 28, 2016 - 04:20 PM (IST)

रायबरेली: कांग्रेस अध्य़क्ष सोनिया गांधी की बेटी प्रियंका गांधी भले ही सक्रिय रूप से राजनीति में नहीं हैं, लेकिन प्रियंका गांधी में सक्रिय राजनेता के सारे गुण हैं। यही वजह है कि जब भी कांग्रेस परेशानी में दिखती है तो काग्रेस के कार्यकर्त्ता प्रियंका गांधी को राजनीति में उतारने की मांग करते हैं। 

जानकारी के अनुसार प्रियंका गांधी ने एक बार फिर से अपनी योग्यता का परिचय देते हुए रायबरेली के बाहुबली नेता अखिलेश सिंह की बेटियों को कांग्रेस में शामिल करवाया है। बताया जा रहा है कि अखिलेश सिंह का अपना वोट बैंक है जो हमेशा उनके साथ रहा है। सोनिया गांधी इस सीट से सांसद हैं, लेकिन वह भी अखिलेश सिंह के इलाके में उन्हें टक्कर नहीं दे पाती हैं। 

आपको बता दें कि अब अखिलेश सिंह ने अपनी सीट अपनी बेटी अदिति को सौंपने का मन बना लिया है। अब प्रियंका गांधी के प्रयासों से अदिति को कांग्रेस में शामिल करवा लिया गया है। प्रियंका गांधी ने संजय सिंह के द्वारा अदिति से संपर्क साधा और उसे कांग्रेस में शामिल करवाया। अदिति ने यूपी के प्रभारी गुलाम नबी की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ली।