समाजवादी पार्टी डूबता जहाज, जितने लोग सवार हों उतना अच्‍छा: योगी

punjabkesari.in Wednesday, May 18, 2016 - 01:34 PM (IST)

गोरखपुर: भाजपा सांसद आदित्‍यनाथ ने अमर सिंह की सपा में घर वापसी पर चुटकी ली है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी डूबता हुआ जहाज है। अमर सिंह जैसे जितने लोग इस जहाज पर सवार होकर चलें, उतना ही अच्‍छा है।
 
योगी ने कहा कि प्रशासन के संरक्षण में हिंदुओं के घर जलाए गए। तोडफ़ोड़, लूटपाट और आगजनी हुई। वहां सरेआम हिंदुओं को मारा गया। प्रशासन मौन रहा। यह उत्तर प्रदेश सरकार के संरक्षण में चल रही अराजकता है। सोमवार को बी.जे.पी. का एक प्रतिनिधिमंडल गोरखपुर से पूर्व काबीना मंत्री शिव प्रताप शुक्ला की अगवाई में आजमगढ़ जा रहा था, जिसे प्रदेश सरकार के निर्देश पर जिले में ही रोक लिया गया। आजमगढ़ जाने के सवाल पर  कहा कि अगर सरकार आजमगढ़ में हिंदुओं का उत्पीडऩ बंद नहीं करा पाती है तो उनका दौरा जल्‍द आजमगढ़ होगा।
 
प्रदेश सरकार पूरी तरह से असंवैधानिक काम कर रही है। अलोकतांत्रिक कदम उठा रही है और प्रदेश में एक वर्ग विशेष के दुस्शाहस को बढ़ाकर इस प्रकार का अराजकता का माहौल पैदा कर रही है। बी.जे.पी. के समय में दंगे नहीं होते हैं। समाजवादी पार्टी के कार्यकाल में पिछले 4 साल में 400 से अधिक दंगे हुए हैं। प्रदेश सरकार की नीतियां इसके लिए जिम्मेदार है, जो अराजकता पैदा करने वाली है। योगी ने कहा कि यह सब इसलिए है, क्योंकि प्रदेश सरकार के मंत्री-विधायक सब गुंडे माफिया हैं।