विभाग के लिए बेताब अखिलेश के मंत्री

punjabkesari.in Wednesday, Nov 04, 2015 - 01:55 PM (IST)

लखनऊ: यूपी मंत्रिमंडल में पुर्नगठन के 4 दिन बीत जाने बाद भी मंत्रियों के विभागों का बंटवारा नहीं किया गया है। विभागों के बंटवारे को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कई मंत्रियों ने मंगलवार को सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव से और मंत्री बलवंत सिंह रामूवालिया ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात कर उन्हे सरोपा भेंट दिया। 
 
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बीते 31 अक्टूबर को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया था। 21 मंत्रियों को शपथ दिलाई थी। इससे पहले मुख्यमंत्री ने अपने 9 मंत्रियों से विभाग वापस ले लिए थे, यानी मौजूदा समय में 58 में 30 मंत्रियों को विभाग का इंतजार है। मंत्रिमंडल के पुर्नगठन के बाद मुख्यमंत्री को अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन मीट में हिस्सा लेने इंग्लैंड जाना था, मगर उन्होंने दौरा रद्द कर दिया। समझा जा रहा है कि विभागों के बंटवारे के लिए मुख्यमंत्री ने दौरा टाला। 
 
सूत्रों का कहना है कि जिन मंत्रियों से विभाग वापस लिए गए, उनको नए विभाग आवंटित करने को लेकर मंथन चल रहा है। स्वतंत्र प्रभार के मंत्रियों की संख्या 10 हो गई है, ऐसे में इनके विभागों को लेकर भी एक राय नहीं बन पा रही है। दूसरी ओर अच्छे विभाग की चाहत में कई मंत्रियों ने सपा सुप्रीमों मुलायम सिंह यादव से मुलाकात की। इसमें पहले ही मंत्रि बनाए गए तीन लोग शामिल थे, जबकि 13 जून 2014 को कैबिनेट का दर्जा पाने वाले दो मंत्री भी शामिल थे। 
 
वापस लिए जाने से पहले महत्वपूर्ण विभाग चला रहे अल्पसंख्यक कोटे के एक मंत्री ने भी सपा मुखिया के दरबार में हाजिरी लगाई। दूसरी ओर 31 अक्टूबर को कैबिनेट मंत्री बनाए गए बलवंत सिह रामूवालिया ने मंगलवार को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात कर उन्हें मंत्री बनाने के लिए आभार जताया। सूत्रों का कहना है कि सरकार उन्हें सीधे जनता से जुड़ा विभाग देने पर विचार कर रही है।