लावारिस लड़कियों को शादी के नाम पर बेंचने वाले 11 सदस्य गिरफ्तार

punjabkesari.in Monday, Sep 30, 2019 - 03:12 PM (IST)

प्रयागराज: प्रयागराज पुलिस ने एक ऐसे गिरोह को गिरफ्तार किया है जो लावारिस लड़कियों को ऊंचे दामों पर अपने ग्राहकों को बेंच दिया करता था। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए सदस्यों में चार महिलाएं और 7 पुरुष शामिल हैं। इस गिरोह में लड़कियां भी काम करती थी। जो लड़कियां घर से भाग कर आती या लावारिस हालात में मिलती थी उन्हें बहला फुसला कर ये लोग अपने जाल में फंसाते थे और फर्जी पुलिस व बाल विवाह अधिकारी बनकर अपने पास रखते थे। ये गिरोह राजस्थान, गुजरात दिल्ली में फैले अपने एजेंट से संपर्क करता था। जिसे दुल्हन की ज़रूरत होती थी उसे 2 से चार लाख में बेंच देते थे। ये गिरोह अभी तक सैकड़ों फर्जी शादी करा चुका है। पुलिस ने अब इनको जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया है।

खुल्दाबाद और करेली पुलिस ने गैंग से जुड़े 4 महिलाओं समेत कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरोह के चंगुल से सतना और वाराणसी की दो नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया है। इनके पास से शादी के फर्जी कागजात बरामद हुए हैं। जिनकी मदद से यह गिरोह अब तक 100 से ज्यादा लोगों को अपना शिकार बना चुका है।

शादी का ड्रामा कर दूल्हे को लूटकर हो जाती थीं फरार  
इस गैंग से जुड़ी महिलाएं और लड़कियां शादी का ड्रामा करके दुल्हन बनकर दूल्हे को लूटती थीं। इतना ही नहीं इस लूट को अंजाम देकर लड़कियां दूल्हे के घर में रखे गहने पर हाथ साफ कर फरार हो जाती थीं।

निशानदेही पर पुलिस ने दी दबिश, 2 नाबालिग लड़कियों को कराया मुक्त-एसपी सिटी  
एसपी सिटी बृजेश श्रीवास्तव ने बताया कि सतना का एक युवक बीते शनिवार को खुल्दाबाद थाने पहुंचा और बताया कि वह अपनी बहन के साथ प्रयागराज आया था। रेलवे स्टेशन पर एक आदमी पुलिस अफसर बनकर उसकी बहन को पकड़ ले गया और उससे कहा कि रुपए देने पर ही छोड़ेगा। पुलिस को उसकी बात पर भरोसा नहीं हुआ। पूछताछ में पता चला कि युवक अपनी भाभी की बहन के साथ भागा था। जिसकी सतना में किशोरी के गायब होने की एफआईआर दर्ज है। उसकी निशानदेही पर पुलिस बेनीगंज के एक मकान में पहुंची और दबिश देकर दो नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया।

गैंग का सरगना डब्बू साहू भी गिरफ्तार 
बृजेश श्रीवास्तव ने बताया कि गैंग का सरगना डब्बू साहू जो बाल विवाह अधिकारी बनकर अपने साथियों के साथ रेलवे स्टेशन पर घर से भागी लड़कियों को पकड़ता था। पूछताछ के बहाने अपने अड्डे पर ले जाते थे और धमकाकर प्रेमी को भगा देते थे इसके बाद नाबालिग लड़कियां को दो से चार लाख में सौदा करते थे। पकड़े गए आरोपियों के पास से डीएम और आई जी, पीएचक्यू का मोहर, लूटा हुआ मोबाइल, पुलिस की 4 फर्जी आईडी,चार फर्जी आधार कार्ड व निर्वाचन कार्ड, बाल विवाह अधिकारी का फर्जी कार्ड, शादी की नोटरी व लड़कियों का आधार कार्ड बरामद किया गया है।

Ajay kumar