रेप के बाद 12 वर्षीय मासूम की मौत, आरोपी के परिजनों ने जबरन कराया दफन

punjabkesari.in Thursday, Aug 29, 2019 - 12:22 PM (IST)

मैनपुरीः उत्तर प्रदेश में रेप की वारदातें आम हो गई हैं। अपराधी बेखौफ होकर बच्चियों को अपना निशाना बना रहे हैं। उन्हें तो इस बात का भी डर नहीं है कि वह पकड़े जा सकते हैं। वह खुलेआम पुलिस की व्यवस्था को चुनौती देते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला अलीगढ़ का है। यहां एक पड़ोसी युवक 12 वर्षीय मासूम को बहला-फुसलाकर बाजरे के खेत में ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। हालत बिगड़ने पर आरोपी युवक के परिजनों ने पीड़िता का इलाज नहीं कराने दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इतना ही नहीं उसके बाद पुलिस को शिकायत करने पर जानमाल की धमकी देते हुए जबरन बच्ची के शव को दफन करवा दिया।

जानकारी के मुताबिक, मामला मैनपुरी के औंछा थाना क्षेत्र का है। परिजनों के मुताबिक, बीते मंगलवार को उनकी 12 वर्षीय बेटी अचानक लापता हो गई थी। वह काफी देर तक नहीं लौटी तो खोजबीन शुरू की गई। परिजनों को बेटी पड़ोसी सर्वेश के बाजरे के खेत में मिली। बच्ची को घर लाया गया। इस दौरान उसने अपने साथ हुई दरिंदगी की जानकारी दी। बच्ची को रक्तस्राव हो रहा था, जिसके चलते उसकी हालत बिगड़ती जा रही थी।

पीड़िता के भाई का आरोप है कि, सर्वेश के बेटे छोटू ने बहन के साथ जबरन दुष्कर्म किया। जब उसकी हालत बिगड़ गई तो आरोपी के परिजनों ने इलाज के लिए बहन को अस्पताल ले जाने नहीं दिया। अगले दिन बुधवार सुबह उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने कहा कि, यदि पुलिस के पास गए तो जान से मार दिया जाएगा। आरोपियों ने जबरन गांव के बाहर तालाब के पास पीड़िता के शव को दफन करा दिया।

वहीं जब इस घटना की जानकारी मृतक के ताऊ को हुई तो वह दिल्ली से मैनपुरी आए गए। वह सभी को लेकर जिला मुख्यालय पहुंचे और एक शिकायती प्रार्थना पत्र एएसपी मैनपुरी को दिया। प्रार्थना पत्र में उन्होंने शव को कब्र से खोदकर बाहर निकलवाने और उसका पोस्टमार्टम कराने की गुहार लगाई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई। मौके पर पहुंची पुलिस ने देर रात शव निकालने की कार्रवाई की।

Deepika Rajput