नोएडाः मकान में लगी भंयकर आग, 13 गंभीर रूप से झुलसे

punjabkesari.in Tuesday, Dec 25, 2018 - 01:01 PM (IST)

नोएडाः नोएडा थाना फेस-3 क्षेत्र के बहलौलपुर गांव में रात को एक मकान में आग लगने से 13 लोग झुलस गए। पुलिस ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटना में झुलसे दो लोगों की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है।         

नगर पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुधा सिंह ने बताया कि थाना फेस- 3 क्षेत्र के बहलौलपुर गांव के निवासी इंद्रपाल के मकान में रात को आग लग गई थी जिसमें 13 लोग झुलस गए। घायलों को नोएडा के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया। चार की हालत बिगड़ती देख उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल भेजा गया। 

एसपी ने बताया कि इस घटना में दो लोग 80 फीसदी तक जल गए हैं। उनकी हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। नगर मजिस्ट्रेट शैलेंद्र मिश्रा ने बताया कि जिला प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद करेगा।  उन्होंने बताया कि गांव बहलौलपुर के स्थानीय लोगों ने आग बुझाने में पुलिस की काफी मदद की। रास्ता संकरा होने के कारण घटनास्थल पर दमकल की गाड़ियों का पहुंचना मुश्किल था।    

 

Ruby