रैड लाइट एरिया में 150 पुलिस का छापा, तहखानों में बंद मिली 4 नाबालिग लड़कियां

punjabkesari.in Thursday, May 25, 2017 - 07:29 AM (IST)

आगरा: आगरा में मंगलवार देर रात आई.पी.एस. अपर्णा सिंह ने 150 पुलिस वालों की टीम के साथ रैड लाइट एरिया ने छापा मारा। पुलिस ने मौके से 11 लड़कियों और 5 लड़कों को अरैस्ट कर 4 नाबालिग लड़कियों को तहखाने का ताला तोड़कर रैस्क्यू किया है। यहां नेपाल, बंगाल समेत कई अलग-अलग जगह के लड़के और लड़कियां मौके से मिले हैं। पुलिस इन्हें मानव तस्करी का इंटरनैशनल गैंग बता रही है।

जानकारी के मुताबिक कश्मीरी बाजार में एक एन.जी.ओ. का सदस्य जांच के लिए ग्राहक बन कर वहां गया था। इस दौरान उसको पश्चिम बंगाल की एक नाबालिग ने अपने परिजनों को फोन करने की गुजारिश की, इसके बाद उसने मानवीयता दिखाते हुए लड़की के परिजनों को फोन कर पूरी बात बताई।

लड़की का किडनैप होने की रिपोर्ट डेढ़ महीने पहले बंगाल में लिखाई गई थी। बताया जाता है कि लड़की को उसका प्रेमी ही वहां बेच गया था। जानकारी मिलते ही लड़की के परिजन बंगाल पुलिस को लेकर आगरा आ गए। एस.पी. सिटी ने इस मामले में कार्रवाई की जिम्मेदारी ट्रेनी आई.पी.एस. अपर्णा सिंह को सौंपी, जिसके बाद उक्त कार्रवाई हुई।