प्रयागराज में दिखीं 16 और लाशें, 22 दिनों में 108 शवों का हुआ दाह संस्कार

punjabkesari.in Friday, Jun 25, 2021 - 07:04 PM (IST)

प्रयागराज: तीर्थराज प्रयाग में कोरोना संक्रमित शवों के अंतिम संस्कार के लिए अधिृकत फाफामऊ शमशान घाट पर शुक्रवार को 16 और शवों का दाह संस्कार करने के बाद नगर निगम ने अब तक कुल 108 शवों का दाह संस्कार कराया। नगर निगम के जोनल अधिकारी नीरज कुमार सिंह ने बताया कि प्रयागराज गंगा में लगातार बढ़ रहे जलस्तर के कारण घाट के किनारे रेती में दफनाए गये दिखलाई पड़ रहे शवों की संख्या बढ़कर अब तक 108 हो गयी है। इनमें दो शवों को छोड़कर शेष शवों का दाह संस्कार नगर निगम ने कराया।       

सिंह ने बताया कि शेष दो शवों में से एक शव को मुखाग्नि महापौर अभिलाषा नंदी गुप्ता ने जबकि दूसरे शव का अंतिम संस्कार निगरानी समिति के सदस्य एवं पार्षद कमलेश तिवारी ने किया है। शेष शवों का दाह संस्कार उन्होंने स्वयं कराया है। उन्होंने बताया कि गुरूवार को भी शाम तक 22 शवों को फाफामऊ घाट पर अतिम संस्कार कराया गया।       

उन्होंने बताया कि गंगा के जलसस्तर में बढ़ोत्तरी होने से जिस रफ्तार से घाट पर कटान हो रही है उससे रेती में दफन किए और अधिक शव मिलने की आशंका है। गौरतलब है कि कानपुर जलाशय से पांच चरणों में छोड़ा गया डेढ़ लाख क्यूसेक पानी शुक्रवार की रात या शनिवार की सुबह तक प्रयागराज पहुंचेगा इससे गंगा तट के श्मशान घाटों पर पानी बढ़ने की संभावना है। गंगा के कछारी क्षेत्र में बने लोगों के आवास तक पानी के पहुंचने की संभावना बनी है।

Content Writer

Umakant yadav