2019 तक प्रदेश के 1676 गांवों को पक्की सड़कों से जोड़ा जाएगा: केशव मौर्य

punjabkesari.in Sunday, Dec 31, 2017 - 11:08 AM (IST)

बस्ती: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश के 1676 गांवों को पक्की सड़कों से जोड़ने के लिए काम चल रहा है और इसे वर्ष 2019 तक पूरा कर लिया जाएगा। मौर्य ने सल्टौआ ब्लाक मुख्यालय पर आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सभी क्षेत्रों का विकास तेजी से कर रही है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के कार्यो में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश के 1676 गांवों को पक्की सड़कों से जोड़ने के लिए काम चल रहा है और इस काम को वर्ष 2019 तक पूरा करा लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य की 85 हजार सड़कों को गड्ढामुक्त कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की केन्द्र और प्रदेश सरकार ने भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए अनेक प्रयास किए हैं। पार्टी के कार्यकर्त्ता ही ताकत है और कार्यकर्त्ताओं का हित सर्वोपरि है। सरकार कार्यकर्त्ताओं की उपेक्षा करने वाले अधिकारियों के विरूद्ध कठोर कार्रवाई करेगी।

मौर्य ने कहा कि पिछली सपा और बसपा के कार्यकाल में लूट खसोट का माहौल था जिसे अब समाप्त कर दिया गया है। प्रदेश में विकास कार्य तेजी से हो रहा है। अपराधी जेल में बंद हैं। राज्य सरकार सबका साथ,सबका विकास के लिए काम कर रही है। प्रदेश सरकार की योजना है कि सभी तहसील और ब्लाक मुख्यालयों को दो लेन की सड़कों से जोड़ दिया जाए।

उन्होंने कहा कि चालू वित्तीय वर्ष में 35 हजार किलोमीटर सड़कों के नवीनकरण के लक्ष्य के सापेक्ष 21 हजार किलोमीटर सड़कों का नवीनीकरण किया गया है। बस्ती जिले में 70 किलोमीटर लम्बी सड़कों के निर्माण पर 50 करोड़ रूपया खर्च किया जाएगा। जिले के 817 मार्गो की लम्बाई 1507 किलोमीटर है उन्हें गड्ढा मुक्त कर दिया गया है। बस्ती के 112 मार्गो जिनकी लम्बाई 111 किलोमीटर है इसमें से 99 किलोमीटर सड़कों के नवीनकरण का काम पूरा कर लिया गया है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बस्ती जिला मुख्यालय के अमहट पुल का निर्माण कार्य 15 दिनों के भीतर शुरू कर दिया जाएगा। जनसभा में सांसद हरीश द्विवेदी ने निर्माण कार्यो में और तेजी लाए जाने की मांग करते हुए कहा कि उन्होंने अमहट पुल के निर्माण को प्राथमिकता से उठाया था। इस मौके पर विधायक संजय प्रताप जायसवाल, विधायक रवि सोनकर, विधायक अजय सिंह के अलावा भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष पवन कसौधन समेत बड़ी संख्या में पार्टी के नेता और कार्यकर्त्ता मौजूद रहे।