9 जिलों में बनेंगे 2900+ नए फ्लैट और विला; यूपी रेरा ने 11 परियोजनाओं को दी मंजूरी, 3200 करोड़ का होगा निवेश

punjabkesari.in Thursday, Apr 02, 2026 - 12:29 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश भू-सम्पदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) ने प्रदेश के रियल एस्टेट सेक्टर को गति देते हुए 3,212.63 करोड़ की लागत वाली 11 नई परियोजनाओं को मंजूरी दी है। यह परियोजनाएं प्रदेश के 9 जनपदों में विकसित होंगी, जिनके तहत लगभग 2,914 आवासीय, वाणिज्यिक और मिश्रित इकाइयों का निर्माण किया जाएगा।       

लखनऊ में 947.04 करोड़ की दो परियोजनाओं को मंजूरी मिली
चेयरमैन संजय भूसरेड्डी की अध्यक्षता में एक दिन पूर्व बुधवार को सम्पन्न हुई यूपी रेरा की 199वीं प्राधिकरण बैठक में निवेश के लिहाज से गाजियाबाद सबसे आगे रहा, जहां 1,108.69 करोड़ की लागत से 568 आवासीय इकाइयों की परियोजना को स्वीकृति मिली वहीं, इकाइयों की संख्या के मामले में गौतमबुद्ध नगर शीर्ष पर रहा, जहां 843.14 करोड़ की लागत से 1,077 आईटी कार्यालय विकसित किए जाएंगे। लखनऊ में 947.04 करोड़ की दो परियोजनाओं को मंजूरी मिली, जिनमें कुल 815 इकाइयां विकसित होंगी।       

बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे
इसके अलावा झांसी, आगरा, मथुरा, मेरठ, बरेली और फिरोजाबाद में भी विभिन्न आवासीय परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है, जिससे छोटे और मध्यम शहरों में भी नियोजित शहरी विकास को बढ़ावा मिलेगा। यूपी रेरा के अनुसार, इन परियोजनाओं से निर्माण कार्य के दौरान बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे। निर्माण सामग्री, परिवहन, तकनीकी सेवाओं और अन्य संबंधित क्षेत्रों में मांग बढ़ने से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। यूपी रेरा के अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी ने कहा कि प्राधिकरण पारदर्शी और जवाबदेह व्यवस्था के माध्यम से रियल एस्टेट क्षेत्र में संतुलित विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static