फ्लाईओवर से 20 फीट नीचे गिरे 2 लड़के, देखिए हालत...पुलिस बोलीं- स्टंटबाजी कर रहे थे दोनों

punjabkesari.in Thursday, Sep 08, 2022 - 05:09 PM (IST)

गाजियाबाद: आज के युवा अपनी जान को जोखिम में डाल कर बाइक पर स्टंट बाजी करने से बाज नहीं आते हैं। जिसके चलते कई बार युवक भयानक हादसे का शिकार हुए हैं। ऐसा ही मामला उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से आया है। जहां 2 बाइक सवार किशोर MMG फ्लाईओवर से करीब 20 फीट ऊंचाई से नीचे सड़क पर आ गिरे। आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई है।



मामला जिले के जस्सीपुरा फ्लाईओवर का है। यहां गुरुवार को सुबह करीब 8 बजे 2 किशोर फ्लाईओवर से करीब 20 फीट ऊंचाई से सड़क पर आ गिरे। जैसे ही दोनों किशोर नीचे गिरे तभी जोर की आवाज हुई। स्थानीय लोग मौके पर दौड़कर पहुंचे। उन्होंने यूपी-112 को मदद के लिए फोन किया, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। इस बीच एक राहगीर अपने बच्चों को छोड़ने के लिए स्कूल जा रहा था। उसने अपनी गाड़ी से दोनों घायलों को MMG हॉस्पिटल ले गए, जहां डाॅक्टरों ने घायलों को यशोदा अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। फिलहाल यशोदा अस्पताल में दोनों का ICU में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, सिर में गहरी चोट आई है। इसलिए हालत गंभीर बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि फ्लाईओवर के ऊपर कई तीव्र मोड़ हैं, जहां ये हादसे होते हैं।



पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में पता चला है कि जब यह हादसा हुआ तो दोनों किशोर तेज स्पीड बाइक से स्टंटबाजी कर रहे थे। वहीं, दूसरी ओर इंस्पेक्टर ने बताया कि दोनों घायलों की पहचान 19 वर्षीय शहजाद और 16 वर्षीय अजीम के रूप में हुई है। दोनों कैला भट्टा के रहने वाले हैं। दोनों तेज स्पीड से बाइक चला रहे थे। किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। MMG हॉस्पिटल के सामने इनकी बाइक फ्लाईओवर के ऊपर साइड वॉल से टकराई और उसके बाद दोनों लड़के सड़क पर आ गिरे। फ्लाईओवर की ऊंचाई करीब 20 फीट से ज्यादा है। बाइक सवार दोनों लड़कों के स्टंटबाजी करने की बात सामने आई है। हम फ्लाईओवर के नजदीक लगे CCTV कैमरों की फुटेज चेक करवा रहे हैं।

Content Writer

Tamanna Bhardwaj