कासगंज हिंसा मामले में 2 सगे भाई गिरफ्तार, चंदन की हत्या में थे शामिल

punjabkesari.in Thursday, Feb 08, 2018 - 10:01 AM (IST)

कासगंज(उप्र): गणतंत्र दिवस के मौके पर निकाली गई तिरंगा यात्रा के दौरान हुई हिंसा में मारे गए चंदन गुप्ता की हत्या के 2 और आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक पीयूष श्रीवास्तव ने बताया कि चंदन हत्या मामले के 2 आरोपी वसीम और नसीम को 2 तमंचों और कुछ कारतूस सहित गिरफ्तार किया गया। ये दोनों मुख्य आरोपी सलीम के सगे भाई हैं। उन्होंने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

श्रीवास्तव ने बताया कि हत्या मामले के मुख्य आरोपी सलीम को पुलिस ने 31 जनवरी को ही गिरफ्तार कर लिया था और उसकी निशानदेही पर एक तमंचा बरामद किया था। इसी मामले के आरोपी राहत कुरैशी को 3 फरवरी को पुलिस ने काशीराम कालोनी से गिरफ्तार किया था। उन्होंने बताया कि मामले के एक अन्य आरोपी सलमान को पुलिस ने 6 फरवरी को किसरौली रोड से गिरफ्तार किया था। कासगंज हिंसा के संबंध में दर्ज 18 मामलों में अब तक 55 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

इस बीच जिलाधिकारी आर पी सिंह के निर्देश पर मुख्य आरोपी के नाम जारी 2 हथियार लाइसेंस निरस्त कर दिए गए। सिंह ने बताया कि 2 हथियारों 1 रिवाल्वर और 1 डीबीबीएल गन के लाइसेंस सलीम के नाम पर थे जो रद्द कर दिए गए हैं। यह भी जांच की जा रही है कि इन 2 हथियारों का इस्तेमाल उक्त घटना में किया गया था या नहीं।

गौरतलब है कि कासगंज में गणतंत्र दिवस के मौके पर भड़की सांप्रदायिक हिंसा में चंदन की गोली लगने से मौत हो गई थी। उसकी मौत के बाद कासगंज में हिंसा तेज हो गई। कई दुकानों, बसों और अन्य वाहनों को आग लगा दी गई। प्रशासन ने एक व्हाटसऐप ग्रुप के ऐडमिन को भी गिरफ्तार किया जो आपत्तिजनक एवं सांप्रदायिक रूप से भडकाऊ पोस्ट कर रहा था।