पुलिस मुठभेड़ में 2 इनामी बदमाश गिरफ्तार, 2 पुलिसकर्मी घायल

punjabkesari.in Wednesday, Apr 11, 2018 - 12:46 PM (IST)

बहराइचः उत्तर प्रदेश के बहराइच में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 2 इनामी बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान 2 पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। पुलिस अधीक्षक जुगुल किशोर ने बताया विशेश्वरगंज के प्रभारी निरीक्षक विनोद अग्निहोत्री और पयागपुर के प्रभारी संजय कुमार मिश्र को क्षेत्र में 2 हिस्ट्रीशीटरों के सक्रिय होने की सूचना मिली थी। इस पर दोनों प्रभारी निरीक्षक गश्त पर थे।

विशेश्वरगंज क्षेत्र के सरबदी कुरसहामोड़ पुलिया पर पुलिस टीम पहुंची तो 2 व्यक्ति संदिग्ध हालत में दिखे। घेराबंदी कर पुलिया से दोनों व्यक्तियों ने पुलिस टीम पर फायर शुरू कर दिया। गोली लगने से प्रभारी निरीक्षक विनोद अग्निहोत्री और कांस्टेबल धर्मेंद्र सिंह घायल हो गए।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की तो दोनों बदमाश भागने लगे। उन्हें घेराबंदी कर दबोच लिया गया। पकड़े गए बदमाशों की पहचान केदार उर्फ केदरे उर्फ चुन्नू निवासी टिकुइया विशेश्वरगंज और शुक्ले पुत्र छबीले के रूप में हुई। उनके कब्जे से एक तमंचा और कुछ कारतूस बरामद किये।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया जबकि घायल प्रभारी निरीक्षक और सिपाही को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए केदार और शुक्ले पर हत्या और डकैती के मामलों में वांछित हैं। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
 

Punjab Kesari