नारायण दत्त तिवारी के निधन पर 2 दिनों का राजकीय शोक

punjabkesari.in Friday, Oct 19, 2018 - 11:15 AM (IST)

लखनऊः पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी के निधन पर उत्तर प्रदेश सरकार ने 20 और 21 अक्टूबर को राजकीय शोक की घोषणा की है। तिवारी के पार्थिव शरीर को उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा 20 अक्टूबर को लखनऊ लायेंगे जहां विधानभवन में दिग्गज राजनीतिज्ञ के अंतिम दर्शन किये जा सकेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि तिवारी मृदभाषी होने के साथ कुशल प्रशासक और संसदीय परंपराओं के ज्ञाता था।

उन्होंने उत्तर प्रदेश के विकास और समृद्धि के लिये उल्लेखनीय कार्य किये। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए तिवारी के शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। योगी ने दूरभाष पर तिवारी के पुत्र रोहित शेखर तिवारी से बात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी का लंबी बीमारी के बाद गुरूवार को नई दिल्ली मे निधन हो गया था।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा से अनुरोध किया है कि वे दिल्ली जाकर नारायण दत्त तिवारी के पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ लखनऊ लाएं। उप मुख्यमंत्री 20 अक्टूबर को तिवारी के पार्थिव शरीर को लखनऊ लाएंगे। 

तिवारी का पार्थिव शरीर 20 अक्टूबर को विधान भवन में अन्तिम दर्शन एवं श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए रखा जाएगा। इसी दिन मुख्यमंत्री तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति विधान भवन में तिवारी के पार्थिव शरीर को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। 20 अक्टूबर की शाम तिवारी का पार्थिव शरीर पंतनगर, उत्तराखण्ड ले जाया जाएगा, जहां उनका अन्तिम दर्शन तथा श्रद्धांजलि अर्पित की जा सकेगी। 21 अक्टूबर को उनकी अन्त्येष्टि क्रिया सम्पन्न होगी।  

Tamanna Bhardwaj