यूपी से 2 पाक नागरिक गिरफ्तार, वर्षों पहले पाकिस्तान से सहारनपुर आए थे दोनों

punjabkesari.in Friday, May 03, 2019 - 11:13 AM (IST)

सहारनपुर: वर्षों पहले मां के साथ पाकिस्तान से सहारनपुर आए और यहां का जन्म प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, वोटर कार्ड बनवा कर रहने वाले 2 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मटिया महल निवासी हमद और अनस को पुलिस ने पाक नागरिक होने के बावजूद वर्षों से सहारनपुर में फर्जी जन्म प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, वोटर कार्ड बनवाए जाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। दोनों अपनी मां, 2 बहनों के साथ जन्म के कुछ साल बाद से ही सहारनपुर में रह रहे थे।

पुलिस के अनुसार फरहाना परवीन 1987 में 45 दिन के वीजा पर सहारनपुर आ गई। यहां आकर नानौता निवासी नदीम अहमद के साथ निकाह कर लिया। 45 दिन का वीजा समाप्त होते ही उसे पाकिस्तान जाना पड़ा। वह नदीम के साथ पाकिस्तान चली गई। इस दौरान वहां पर उसने 3 बच्चों हमद, अनस और साजिया को जन्म दिया। 1992 में वह नदीम के साथ तीनों बच्चों को लेकर सहारनपुर पहुंच गई।

फरहाना परवीन लांग टर्म वीजा लेकर सहारनपुर में आकर रहने लगी। इस दौरान नदीम ने अपने बच्चों की भारत की नागरिकता दिलवाने के लिए आवेदन किया लेकिन उन्हें नागरिकता नहीं मिल सकी। इसके बाद नदीम ने नाम बदलकर उनके सहारनपुर में जन्म प्रमाण-पत्र बनवा लिए, फिर आधार कार्ड और वोटर कार्ड भी बनवा लिया। नाम बदलने के बाद चारों भाई-बहन सहारनपुर में मटिया महल में आकर रहने लगे। इस दौरान नदीम का इंतकाल हो गया लेकिन पुलिस उनकी तलाश करती रही। अब पूरा मामला सामने आया है। जांच के दौरान पूरे मामले का खुलासा हो गया। इस पर पुलिस ने हमद और अनस को गिरफ्तार कर लिया।

Anil Kapoor