UP में हर घंटे 2 लोगों की होती है दुर्घटनाओं में मृत्युः सूर्य प्रताप शाही

punjabkesari.in Monday, Mar 12, 2018 - 07:31 PM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश विधान परिषद में सरकार ने स्वीकार किया कि राज्य में हर घंटे सड़क दुर्घटना में 2 लोगों की मृत्यु होती है। दुर्घटनाओं को कम करने के लिए सरकार ने कई कदम उठाए हैं। प्रश्न प्रहर में समाजवादी पार्टी के सदस्य आनंद भदौरिया ने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं में प्रतिदिन कितनी मौतें होती हैं और इन्हें रोकने के लिए क्या कार्य योजना है। 

कार्यवाहक नेता सदन सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि वर्ष 2016-2017 के आंकडों के अनुसार राज्य में प्रति घंटे सड़क दुर्घटनों में करीब 2 मौतें होती हैं। सरकार ने इन्हें रोकने के लिए वाहनों की गति को नियंत्रित करने और सड़कों पर संकेतक लगवाने के अलावा दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र को चिन्हित कर सूचनात्मक बोर्ड लगवाए गए हैं। शाही ने बताया कि सरकार ने सड़क दुर्घटनों को रोकने के लिए सड़कों एवं चौराहों की मरम्मत और चौडीकरण का कार्य कराया है। इसके अलावा सड़कों के बीच में कट बंद कराने के साथ आवश्यकतानुसार डिवाइडर बनाए गए हैंं। दुर्घटनाओं को रोकने के लिए मार्गों पर नियमित चेकिंग कराई जा रही है और शराब पीने वालों के अलावा सीमा से अधिक रफ्तार से गाड़ी चलाने वाले चालकों के चालान कराए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इसी क्रम में 30 मार्च 2017 से 15 नवंबर 2017 तक प्रत्येक बुधवार को सीट बेल्ट एवं हेलमेट दिवस मनाया जा रहा है। इसके अलावा सड़कों पर खड़े वाहनों को क्रेन की सहायता से हटवाकर उन्हें दूर ले जाने की व्यवस्था की है। उन्होंने बताया कि दुर्घटनाओं को कम करने के लिए यातायात के नियम का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ स्कूलों में छात्र एवं छात्राओं को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित एवं जागरुक करने के लिए समय-समय पर अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। शाही ने कहा कि अन्य राज्यों के मुकाबले प्रदेश में आबादी अधिक है। कम से कम दुर्घटना हों सरकार इसके लिए गंभीर है। उन्होंने कहा कि इसके लिए आम लोगों को जागरुक करने की जरुरत है।