पुलिस मुठभेड़ में 20 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, दारोगा घायल

punjabkesari.in Tuesday, Jan 23, 2018 - 01:22 PM (IST)

मथुराः यूपी पुलिस इन दिनों एनकाउंटर करके बदमाशों को सफाया करने में जुटी हुई हैं। इसी कड़ी में ताजा मामला मथुरा का है। जहां पुलिस और बदमाशों के बीज देर रात मुठभेड़ हो गई। जिसमें 20 हजार का इनामी बदमाश पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। जबिक बदमाश का साथी भाग निकलने में सफल रहा। वहीं इस मुठभेड़ में दारोगा भी गोली लगने से घायल हो गया।

जानकारी के मुताबिक मामला वृंदावन कोतवाली क्षेत्र का है। जहां सोमवार देर शाम पुलिस को एक आश्रम में लूटपाट की घटना की सूचना मिली थी। उसी घटना का कारण पुलिस जांच में लगी हुई थी। साथ ही पुलिस को 20 हजार के इनामी बदमाश अनिल के होने का उसमें शक था। सर्विलांस के जरिए रात्रि में करीब 1 बजे बदमाश को ट्रेस किया जा रहा था।

वहीं बदमाश की लोकेशन वृंदावन कोतवाली क्षेत्र के सुनरख रोड की मिली। जिसके बाद पुलिस ने बदमाश की घेराबंदी की। पुलिस को अपनी तरफ आता देख बदमाशों ने पुलिस पर गोली चलाई। जिसमें कोतवाली प्रभारी(दारोगा) सुबोध कुमार के बाएं हाथ में गोली लगी। कोतवाल ने अपनी आत्मरक्षा में गोली चलाते हुए बदमाश के पैर में गोली मार दी, जिससे बदमाश घायल हो गया। वही इस मुठभेड़ मे बदमाश का साथी भागने में सफल रहा। फिलहाल पुलिस भागे हुए बदमाश की तलाश कर रही है।