बागपत नाव हादसे में 22 की दर्दनाक मौत, नाविक समेत 50 से अधिक लोगों पर मुकदमा दर्ज

punjabkesari.in Friday, Sep 15, 2017 - 03:13 PM (IST)

बागपत(उत्तर प्रदेश): बागपत जिले के काठा गांव में गुरुवार हुए नाव हादसे की मजिस्ट्रेटी जांच शुरू हो गई है। दुर्घटना के बाद गांव में हुए बवाल के मामले में नाविक समेत 50 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। जिलाधिकारी भवानी सिंह खंगारौत ने बताया कि काठा में गुरुवार को नाव डूबने से हुई 22 लोगों की दर्दनाक मौत की मजिस्ट्रेटी जांच उप जिलाधिकारी (सदर) विवेक कुमार यादव को सौंपी गई है। वह घटना के हर पहलू की जांच कर जल्द उसकी रिपोर्ट सौंपेंगे।
                 
इस बीच, थाना कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि काठा गांव के चौकीदार सलाउद्दीन की तरफ से बागपत निवासी नाविक रियाजुद्दीन पर अनुमति लिए बगैर और लापरवाही से नाव चलाने का मुकदमा दर्ज कराया गया है। इसके अलावा बलवा करने के मामले में 2 लोगों को नामजद करते हुए करीब 50 लोगों के खिलाफ बलवा, आगजनी और तोड़फोड़ के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
                 
जिलाधिकारी खंगारौत ने घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों के मौका-ए-वारदात पर देर से पहुंचने की बात से इनकार करते हुए कहा कि घटना सुबह करीब साढ़े 7 बजे हुई और वह सवा 8 बजे मौके पर पहुंच गए थे। मालूम हो कि जिले के काठा गांव में कल यमुना नदी में एक नाव के पलट जाने से उस पर सवार लोगों में से 22 लोगों की डूबकर मौत हो गई थी। राहत कार्य में देर का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए दिल्ली-सहारनपुर राजमार्ग पर रास्ता जाम कर दिया था। भीड़ ने पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारियों पर पथराव करते हुए कई गाड़ियों में आग लगा दी थी।
                 
घटनास्थल पर पहुंचे राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष पूर्व केन्द्रीय मंत्री अजित सिंह ने स्थानीय पीड़ितों से मिलने के बाद कहा था कि हादसे के बाद पुलिस ने पीड़ितों की मदद करने के बजाय उन पर लाठीचार्ज किया था।