राज्य सरकार सोनभद्र हत्याकांड के मृतकों के परिजनों को दे 25-25 लाख रुपए मुआवजा: शिवपाल

punjabkesari.in Monday, Jul 22, 2019 - 12:56 PM (IST)

 

लखनऊ: प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने सोनभद्र नरसंहार पर राज्य सरकार के ढीले-ढाले रवैये की कठोर आलोचना करते हुए मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख और घायलों को 5-5 लाख देने की पुरजोर मांग की। यादव ने कहा कि सोनभद्र की घटना सम्पूर्ण मानवता को शर्मसार करने वाली दुखद व दुर्भाग्यपूर्ण घटना है जिसकी जितनी निंदा की जाए कम है। राज्य सरकार व प्रशासन इस त्रासद घटना से सबक लें और शीघ्र बड़े कदम उठाएं ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति ना हो।

शिवपाल ने उत्तर प्रदेश की बड़ी जनसंख्या का हवाला देते हुए प्रदेश में गृहमंत्री नियुक्त करने की मांग की। यादव के अनुसार उत्तर प्रदेश की आबादी यूरोप व अफ्रीका के बड़े देशों से भी अधिक है। कानून-व्यवस्था अति संवेदनशील विषय है। राज्य सरकार व प्रशासन की पहली प्राथमिकता जान-माल की सुरक्षा होनी चाहिए, ऐसे में गृहमंत्री का स्वतंत्र पद होना आवश्यक है।

Anil Kapoor