सड़क निर्माण पर बोले मौर्य, 25 नए राष्ट्रीय राजमार्ग किए गए हैं घोषित

punjabkesari.in Monday, Jul 23, 2018 - 03:21 PM (IST)

मिर्जापुर: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश में 2011 के जनगणना के अनुसार 250 की जनसंख्या वाले गांवों को 5 किलोमीटर तक राष्ट्रीय राजमार्ग और स्टेट मार्गों से जोड़ा जाएगा। मौर्य ने पत्रकारों को बताया कि प्रदेश में 25 नए राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में 2001 की जनगणना के अनुसार उन सभी गांवों को जिनकी जनसंख्या 2500 थी को पहले ही राजमार्गों से जोड़ने के लिए धन उपलब्ध करा दिया गया है। मौर्य ने कहा कि इन सभी गांवों को राष्ट्रीय राजमार्ग पर ही नहीं बल्कि एक्सप्रेस मार्ग पर भी जोड़ा जाएगा।

उन्होंने कहा कि नई तकनीक से जल्द मार्ग का निर्माण किया जा रहा है। वहीं लागत भी कम आ रही है। गुणवत्ता भी सुधरी है। मौर्य ने कहा कि प्रदेश में कुल 2 लाख 40 हजार किलोमीटर सड़क है। यह सभी सड़कें 25 जुलाई तक गढ्ढामुक्त हो जाएंगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश के अन्य राज्यों के सीमावर्ती इलाकों में सड़क मार्ग पर विशेष कार्य शुरू किया जाएगा।

Anil Kapoor