पुलिस मुठभेड़ में घायल 25 हजार का ईनामी बदमाश गिरफ्तार, लूट की वारदात को देता था अंजाम

punjabkesari.in Sunday, Apr 02, 2023 - 11:30 AM (IST)

मैंनपुरी (आशीष सक्सेना): उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के मैनपुरी (Mainpur) जिले में पुलिस के हाथ एक बड़ी सफलता लगी है। जहां पर जिले के थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जिसमें पुलिस ने लूट की वारदात में फरार चल रहे 25 हजार के ईनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। दरअसल, पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जिसमें बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इस पर जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी फायरिंग कर दी। बदमाश के पैर पर गोली लग गई और वो घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा।



बता दें कि, पुलिस मुठभेड़ में पकड़ा गया शातिर बदमाश बड़ा अपराधी है। अपराधी ने बीते जनवरी में थाना क्षेत्र में साथियों के साथ मिलकर एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया था। फरार बदमाश की तलाश पुलिस सरगर्मी से कर रही थी जिसे आज मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया है। वही दूसरा साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया है। पुलिस मुठभेड़ का मामला थाना करहल क्षेत्र के किरथुआ गांव के पास का है।

यह भी पढ़ेंः Umesh Pal Murder Case: STF ने माफिया अतीक के बहनोई को मेरठ से किया गिरफ्तार...शूटरों की मदद करता था अखलाक



पुलिस को चकमा देकर एक आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि, थाना क्षेत्र के प्रभारी कुशल पाल सिंह चेकिंग कर रहे थे। तभी एक बिना नंबर की एक्टिवा गाड़ी आते हुए दिखाई दी। जिसे पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो वह लोग जंगल की तरफ भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिस टीम के ऊपर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के गोली लगी जो वहीं पर गिर गया और उसका दूसरा साथी भाग जाने में सफल हो गया।



25 हजार का इनामी था गिरफ्तार आरोपी
गोली लगने से गिर कर घायल हुए गिरफ्तार बदमाश ने अपना नाम श्यामवीर सिंह बताया जो इसी थाने का रहने वाला है। करहल थाना क्षेत्र में बीते जनवरी में एक सरसों के तेल से भरे ट्रक की 64 लाख की लूट हुई थी। जिसमें 9 मुलजिम प्रकाश में आए थे जिनमें से 7 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है जिसमें से 2 मुल्जिम अभी फरार थे जिनकी गिरफ्तारी को लेकर पुलिस द्वारा 25 हजार का इनाम रखा गया था। जिसे मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया है जिसके कब्जे से एक एक्टिवा गाड़ी एक तमंचा और तीन का खोखा कारतूस बरामद हुए हैं। फिलहाल, पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। 

Content Editor

Pooja Gill