विधानसभा में योगी के मंत्री का दावा- UP Police में आरक्षी के 26,744 और PAC के 8,714 पद रिक्त

punjabkesari.in Tuesday, May 31, 2022 - 04:52 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा में मंगलवार को संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि राज्य के पुलिस विभाग में आरक्षी (नागरिक पुलिस) के 26,744 पद और पीएसी आरक्षी के 8,714 पद रिक्त हैं। इन पदों पर भर्ती के लिए अधियाचन भेजा गया है।

विधानसभा में मंगलवार को प्रश्न काल में राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के प्रसन्न कुमार ने मुख्यमंत्री से पूछा कि उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में कांस्टेबल (आरक्षी) के स्वीकृत पदों के सापेक्ष कितने पद वर्तमान में रिक्त हैं और क्या सरकार रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूर्ण करायेगी। मुख्यमंत्री की ओर से संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में आरक्षी, नागरिक पुलिस के स्वीकृत 178647 पदों के सापेक्ष 26744 पद रिक्त है। उत्तर प्रदेश प्रादेशिक आर्म्ड कांस्टेबुलरी (पीएसी) में आरक्षी के स्वीकृत 55389 पदों के सापेक्ष 8714 पद रिक्त हैं।

खन्ना ने बताया कि 26,744 पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूर्ण कराये जाने के संबंध में पुलिस महानिदेशक द्वारा अधियाचन उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड को भेज दिया गया है। भर्ती की कार्यवाही सम्पन्न किये जाने हेतु भर्ती बोर्ड द्वारा कार्यदायी संस्थाओं से प्राप्त निविदाओं का तकनीकी परीक्षण प्रचलित है। उन्होंने बताया कि आरक्षी, पीएसी के 8,714 पदों पर भर्ती की कार्यवाही के लिए 21 मई, 2022 को अधियाचन पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड को भेज दिया गया है।

अनुपूरक प्रश्न में प्रसन्न कुमार ने कहा कि कोरोना के कारण दो वर्ष तक पुलिस में भर्ती नहीं हुई तो क्या सरकार भर्ती की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों की अधिकतम उम्र सीमा में तीन वर्ष की छूट प्रदान करेगी। मंत्री ने कहा कि उम्र बढ़ाने का अभी सरकार के पास कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।

Content Writer

Mamta Yadav