नकली नोट छापने वाले गिरोह का पर्दाफाश, मशीन और नकली नोट के साथ 3 गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, Jun 15, 2017 - 01:33 PM (IST)

सहारनपुरः उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में थाना चिलकाना पुलिस और अपराध शाखा की टीम ने जाली नोट बनाने वाले गिरोह के 3 सदस्यो को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 1.24 लाख रूपए कीमत के जाली नोट और नोट बनाने के उपकरण भी बरामद कर लिए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार ने आज बताया कि थाना चिलकाना पुलिस और अपराध शाखा कीटीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम तेलीपुरा के जंगल से जुल्फान उर्फ सुल्तान, इकराम और अब्दुल 1.24 लाख रूपए के जाली नोटों सहित गिरफ्तार किया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 2000 रूपए के जाली नोट छापने के लिए एक प्रिंटर मशीन खरीदी थी। जाली नोट छापने के लिए कागज और स्याही आदि स्थानीय बाजार से खरीदते थे। उन्होंने कहा कि वे लोग जुल्फान के घर पर 2 माह से जाली नोट तैयार कर रहे थे। उनके फरार चल रहे साथी ताशीन के पास भी 2 हजार रूपए के जाली नोट थे, जिनके बदले वह आज किसी से 30000 रूपए के असली नोट लेने वाला था।

पूछताछ में तीनों ने बताया कि कुछ दिन पहले उनकी रेलवे स्टेशन पर एक व्यक्ति से बात हुई थी। उसी ने इनसे कहा था कि वह 30000 रूपए के असली नोटों के बदले एक लाख रूपए के जाली नोट लेगा।

कुमार ने बताया कि इस गिरोह का पर्दाफाश करने वाली टीम को 5 हजार रूपए का इनाम दिया जा रहा है।

UTTAR PRADESH NEWS की अन्य न्यूज पढऩे के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें-