काल बनकर गिरा अपना ही आशियाना, एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत

punjabkesari.in Sunday, Jan 27, 2019 - 11:12 AM (IST)

बस्तीः उत्तर प्रदेश के बस्ती में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक घर की छत ढह गई। इस हादसे में एक नवजात सहित 3 लोगों की मौत हो गई। जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं आस-पास के लोगों ने हादसा देखा तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भर्ती कराया। साथ ही मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मामला लालगंज क्षेत्र के बांनपुर गांव का है। यहां भारी बारिश के चलते शनिवार को एक घर की छत भरभराकर गिर गई। घर में परिवार के सदस्य मौजूद थे। वहीं आस-पड़ोस के लोगों ने छत गिरने की आवाज सुनी तो वह मौके पर परिवार की मदद के लिए पहुंचे। साथ ही लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से चन्द्रभान चौहान (40), पत्नी प्रमिला (38) और छह माह का बेटे को मलबे से बाहर निकाला और जिला अस्पताल भेजा। यहां डॉक्टर ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। इस दौरान 8 साल की बेटी और एक अन्य व्यक्ति घायल हुए हैं। जिनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।















 

Tamanna Bhardwaj