3 वर्षीय बेटी की जान के दुश्मन बने मां-बाप, गला घोंटने के बाद नदी किनारे फेंका शव

punjabkesari.in Thursday, Nov 23, 2017 - 04:35 PM (IST)

गोरखपुरः उत्तर प्रदेश में गोरखपुर में उस समय हड़कंप मच गया जब कैम्पियरगंज क्षेत्र में दम्पति ने 3 साल की मासूम बेटी की हत्या कर दी। इतना ही नहीं हत्या के बाद उसके शव को नदी किनारे फेंक दिया।

पुलिस ने बताया कि गुलरिया गांव निवासी उमेश पटेल और उसकी पत्नी सुनीता का बुधवार रात बेटी सोनाली को लेकर विवाद हो गया था। बेटी को विवाद का कारण मानते हुए उसे समाप्त करने का फैसला लेकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और शव नदी किनारे फेंक दिया।

घटना का कारण दम्पति की शादी 4 साल पूर्व हुई थी और उमेश ने घर से पत्नी सुनीता को भगा दिया था। सुनीता ने 3 साल पूर्व बेटी को मायके में जन्म दिया था। सुनीता को घर न रखने पर मायके वालों ने न्यायालय की शरण ली थी और न्यायालय के आदेश पर वह मायके से उसे अपने घर लाया था।

उमेश का कहना था कि सोनाली मेरी बेटी नहीं है इसलिए विवाद खत्म करने के लिए उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और शव को नदी के किनारे फेंक दिया। मायके वालों की सूचना पर पुलिस ने जब सुनीता और उमेश से पूछताछ की तब मां सुनीता का ह्रदय पिघल गया और अपनी बेटी की हत्या की पूरी कहानी बयान कर दी। पुलिस ने हत्यारोपी दम्पति को गिरफ्तार कर बालिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।