3 वर्षीय रेप पीड़िता से मिलने पहुंची महिला कल्याण मंत्री, बच्‍ची को देख हुई द्रवित

punjabkesari.in Saturday, Mar 10, 2018 - 12:07 PM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश में मासूम बच्चियों से होने वाली अपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। जिसके चलते कैबिनेट मंत्री डॉ. रीता बहुगुणा जोशी शनिवार को तीन वर्षीय रेप पीड़िता को केजीएमयू के बाल शल्य चिकित्सालय में मिलने पहुंची। यहां उन्होंने बच्ची की सेहत की जानकारी डॉक्टरों से ली। साथ ही उन्होंने डॉक्टरों को ये हिदायत भी दी कि बच्ची के इलाज में कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

वहीं मंत्री जब बच्‍ची से मिलीं तो द्रवित हो गईं। उन्‍होंने घटना को शर्मसार बताया। उन्‍होंने परिवारीजनों से मिलकर पीड़िता के स्वस्थ होने तक सारा खर्च उठाने का आश्वासन दिया। इतना ही नहीं प्रदेश की महिला कल्याण मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने पीड़ित बच्ची से बातचीत भी की। उन्‍होंने उसके ठीक होने तक उसके इलाज़ में खर्च होने वाले सभी खर्चों को महिला कल्याण विभाग के रानीलक्ष्मी बाई कोष से उठाए जाने की बात कही।

सूत्रों के मुताबिक बच्ची ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के नगर निगम में दिहाड़ी पर काम करने वाले राजकरण की बेटी है। वहीं 2 मार्च को टॉफी का लालच देकर मासूम के साथ उसके चाचा ने ही उससे दुष्कर्म किया था। बच्ची की हालत बिगड़ती देख परिजनों ने उसे अस्पताल भर्ती कराया। वहीं मंत्री ने शुक्रवार रात बर्लिंगटन चौराहे पर हुए भीषण सड़क हादसे में घायल हुए 2 लोगों से भी मुलाकात की। मंत्री ने डॉक्टरों से कहा कि जब तक यह ठीक नहीं हो जाते, तब तक इनका ख्‍याल अस्पताल प्रशासन द्वारा रखा जाए।