सावधान! Delhi-NCR में खपाया जा रहा था 350 KG मिलावटी पनीर, रक्षाबंधन से पहले बुलडोजर से कराया नष्ट
punjabkesari.in Sunday, Aug 23, 2026 - 07:33 AM (IST)
Gautam Buddha Nagar: उत्तर प्रदेश में जनपद गौतमबुद्धनगर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने आगामी रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर अभियान के तहत विभागीय टीम ने शुद्ध एवं गुणवत्ता युक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए कार्रवाई करते हुए ग्रेटर नोएडा के लखनावली में करीब 350 किलोग्राम पनीर पकड़ा, जो प्रथम द्दष्टया मिलावटी एवं मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त प्रतीत हुआ। टीम ने पनीर का एक नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया, जबकि शेष करीब 350 किलो पनीर को जब्त कर सुरक्षित रखवाने के बाद नष्ट करा दिया गया।
बीते शनिवार को कार्रवाई की जानकारी देते हुए सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि उत्तर प्रदेश खाद्य आयुक्त सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए दूध और दूध से बने उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र कर उनकी जांच कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि 21 और 22 अगस्त की मध्यरात्रि मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र द्विवेदी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार और अमर बहादुर सरोज की टीम ने लखनावली, ग्रेटर नोएडा में जांच अभियान चलाया। इस दौरान दिल्ली समेत एनसीआर के विभिन्न जिलों में पनीर की सप्लाई करने वाली महगोरा, अलीगढ़ स्थित सुरेंद्र की डेयरी का पनीर वाहन से सप्लाई के लिए ले जाया जा रहा था। जांच के दौरान पनीर की गुणवत्ता प्रथम द्दष्टया संदिग्ध पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कार्रवाई की।
अधिकारियों के अनुसार, पनीर मिलावटी/मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त प्रतीत होने पर उसका नमूना विस्तृत जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। जांच के परिणाम के आधार पर आगे की कारर्वाई की जाएगी। वहीं, नमूना लेने के बाद शेष करीब 350 किलोग्राम पनीर को जब्त कर लखनावली, ग्रेटर नोएडा स्थित सिद्ध बाबा डेयरी में सुरक्षित रखवाया गया। इसके बाद 22 अगस्त की सुबह ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सहयोग से उक्त पनीर को नष्ट करा दिया गया, ताकि संदिग्ध खाद्य पदार्थ आम लोगों तक न पहुंच सके।
रक्षाबंधन के अवसर पर दूध, पनीर, खोया, मिठाई और अन्य दुग्ध उत्पादों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा विशेष निगरानी की जा रही है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि अभियान के दौरान संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उन्हें प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जा रहा है।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने स्पष्ट किया कि आमजन को निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य और पेय पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में भी इसी प्रकार जांच अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। खाद्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद त्योहार के दौरान दूध एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर निगरानी और सख्त होने की संभावना है। विभाग ने आमजन से भी खाद्य पदार्थों की खरीदारी करते समय गुणवत्ता और विश्वसनीयता का ध्यान रखने की अपील की है।

