किसान आंदोलन में अब तक 37 किसानों की मौत, बाराबंकी में भाकपा ने दी श्रद्धांजलि

punjabkesari.in Monday, Dec 21, 2020 - 02:05 PM (IST)

बाराबंकी: नए कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन में अब तक 37 किसानों की जान जा चुकी है जिन्हें भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने कार्यक्रम का आयोजन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की किसान सभा ने आज गांधी भवन में स्थित गांधी प्रतिमा के नीचे सभा का आयोजन किया। पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार पर किसान विरोधी होने का आरोप लगाया।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि पूरे देश के किसान कृषि कानून के खिलाफ आंदोलित हैं। दिल्ली में लगातार आंदोलन चल रहा है। आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की क्रूरता पूर्ण नीतियों के चलते और भीषण ठंड से दिल्ली में आंदोलित किसानों में से अब तक 37 किसानों की मौत हो चुकी है, लेकिन सरकार अपना तानाशाही रवैया नहीं बदल रही। अखिल भारतीय किसान सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष रणधीर सिंह सुमन ने आरोप लगाया कि केंद्र की ये सरकार अडानी और अम्बानी की है। प्रधानमंत्री मोदी ने उनसे पैसा लिया था जिसकी वापसी के लिए वे रेल बेच रहे हैं, किसानों की जमीनें बेच रहे हैं।

Taranjeet Singh