गंगा में नहाने गए 4 बच्चे, एक की डूबने से दर्दनाक मौत

punjabkesari.in Monday, Jun 04, 2018 - 11:09 AM (IST)

संभलः उत्तर प्रदेश के संभल जिले से बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां गंगा में 4 बच्चे नहाने गए और उनमें से 2 डूब गए। वहीं आस-पास के लोगों ने बच्चों को डूबते हुए देखा तो उन्होंने गोताखोरों को गंगा में उतारा। वहीं एक बच्चे को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जबकि दूसरा गंगा की गहराई में चला गया। जिसके चलते उसकी मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक थाना गुन्नौर कोतवाली के गांव करिया माई में रविवार साधु मणि गंगा घाट पर 4 बच्चे गंगा स्नान के लिए गए थे। यहां पर प्रशासन की तरफ से  गंगा में स्नान के लिए कोई भी सुविधा और इंतजाम नहीं था। 4 बच्चे गंगा में नहा रहे थे, तभी 2 बच्चों के पैर गंगा की गहराई में चले गए। अन्य 2 बच्चे आनन-फानन में गंगा से बाहर निकल आए। उन्होंने शोर मचाना शुरु कर दिया। तभी आस-पास गोताखोरों ने तुरंत जल में छलांग लगाई। मौके पर एक बच्चे को बाहर निकाल लिया गया। वहीं दूसरा बच्चा गंगा की गहराई में चला गया था और उसकी मौत हो गई।

तभी गोताखोरों ने उसका शव बाहर निकाला। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस के साथ एसडीएम भी मौके पर पहुंचे। मृत बच्चे के परिजनों में कोहराम मच गया। 

Tamanna Bhardwaj