4 अवैध कालोनियों पर चला एस.डी.ए. का बुल्डोजर

punjabkesari.in Sunday, Dec 31, 2017 - 06:22 PM (IST)

सहारनपुर: अवैध निर्माण कराने के मामले में लखनऊ तक बदनाम रहे सहारनपुर विकास प्राधिकरण की छवि सुधारने की दिशा में जिलाधिकारी द्वारा भरी गई चाबी पर एस.डी.ए. अधिकारियों ने आज टपरी रोड पर निर्माणाधीन 4 अवैध कालोनियों में बुल्डोजर चलवाया। अभियान का नेतृत्व कर रहे एस.डी.ए. सचिव ने आज किसी की नहीं सुनी और कार्रवाई पूरी कराई। 

 जिलाधिकारी ने बीते दिनों बैठक करके अवैध निर्माणों के ध्वस्तीकरण के मामले में पुलिस न मिलने का बहाना करने वाले एस.डी.ए. अधिकारियों को चेता दिया था कि यह बहानेबाजी नहीं चलेगी। अवैध निर्माणों को सूचिबद्ध कर कप्तान को देकर उनसे फोर्स ली जाए। उसी निर्देश के बाद आज अभियान के पहले दिन एस.डी.ए. सचिव सत्य प्रकाश शर्मा, सिटी मैजिस्ट्रेट राजेश कुमार, सी.ओ., अधीक्षण अभियन्ता रायजादा, ए.ई. ए.पी.एन. सिंह और ए.के. माथुर और अवर अभियन्ता विजय पाल को लेकर सुबह 11 बजे ही टपरी मार्ग पर भारी फोर्स के साथ पहुंच गए। सबसे पहले शेखपुरा कदीम मेन रोड मुक्तिधाम के सामने आशु द्वारा 20 बीघा में काटी जा रही कालोनी को ध्वस्त कराया गया। इसके बाद टपरी मार्ग के ईंट-भट्ठे के पास 15 बीघे में देवेन्द्र द्वारा काटी गई अवैध कालोनी को ध्वस्त कराया गया। 

टपरी रोड मुख्य मार्ग पर ही 25 बीघे में खालिद द्वारा काटी जा रही कालोनी और शेखपुरा कदीम टपरी मार्ग पर 10 बीघा में पौजा जी द्वारा काटी गई अवैध कालोनी में भी बुल्डोजर गरजा। 

अभियान के लिए मुकम्मल है तैयारी: अवैध निर्माणों के ध्वस्तीकरण के पहले चरण में 20 कालोनियों समेत 65 निर्माणों को तोडऩे के लिए थानेवार तिथियों को निर्धारण कर दिया गया है और निर्धारित तिथि को पर्याप्त फोर्स भी मिल जाएगी। पहले चरण में आज के अलावा 3 जनवरी, 6 और 8 जनवरी को अभियान थानेवार चलाकर अवैध निर्माणों चिन्हित अवैध निर्माणों को गिराया जाएगा। 

एस.डी.ए. सचिव सत्य प्रकाश शर्मा ने बताया कि विवाद रहित 65 अवैध निर्माणों को गिराने की कार्रवाई पहले चरण में शुरू की जा रही है। इसके अतिरिक्त और भी ध्वस्तीकरण के आदेश वाली निॢववादित पत्रावलियों की छंटाई की जा रही है। उनको भी सूचीबद्ध किया जा रहा है। दूसरे चरण में वे भी ध्वस्त कर दी जाएंगी। यह अभियान अनवरत चलता रहेगा।