राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार हादसा, अपर आयुक्त ओमप्रकाश उपाध्याय समेत 4 की मौत

punjabkesari.in Wednesday, Oct 11, 2017 - 07:30 PM (IST)

फैजाबाद: उत्तर प्रदेश में फैजाबाद के अपर आयुक्त (न्यायिक) ओम प्रकाश उपाध्याय समेत 4 लोगों की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि फैजाबाद-लखनऊ राष्ट्रीय मार्ग के पटरंगा क्षेत्र में कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में फैजाबाद के अपर आयुक्त ओम प्रकाश उपाध्याय, पेशकार मोहम्मद असलम, होमगार्ड मुन्नी लाल और चालक की मौके पर ही मृत्यु हो गई। यह हादसा राष्ट्रीय मार्ग पर बसौढ़ी गांव के निकट हुआ।

उन्होंने बताया कि उपाध्याय कार से लखनऊ जा रहे थे। हादसे की सूचना के बाद फैजाबाद के मण्डलायुक्त मनोज मिश्रा, जिलाधिकारी अनिल कुमार पाठक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुभाष सिंह बघेल, अपर जिलाधिकारी नगर विंध्यवासिनी राय समेत तमाम पुलिस और प्रशासन के अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे। शवों का पास्टमार्टम कराया जा रहा है।